राष्ट्रमंडल खेल 2026: हरजिंदर कौर ने वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर, बोलीं- 'प्रदर्शन से बहुत खुश हूं'
ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में हरजिंदर कौर ने महिला वेटलिफ्टिंग के 69 किलोग्राम वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए…
ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में हरजिंदर कौर ने महिला वेटलिफ्टिंग के 69 किलोग्राम वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, हरजिंदर ने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता के दौरान हरजिंदर ने स्नैच राउंड में 101 किलो का भार उठाया, जिसके बाद क्लीन एंड जर्क में 126 किलो वजन उठाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस जीत के बाद उन्होंने कहा, "मैं सिल्वर मेडल जीतकर और अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। ट्रेनिंग में मैंने 'क्लीन एंड जर्क' राउंड में इससे भी ज्यादा भार उठाया है, लेकिन फिर भी मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं।"
समर्पण और परिवार का साथ
हरजिंदर ने बताया कि इस बार उनका लक्ष्य अपने मेडल का रंग बदलना और अच्छी लिफ्टिंग करना था, जिसमें वह सफल रहीं। उन्होंने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने परिवार और भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ को दिया। उन्होंने कहा, "मैं अपने इस मेडल को परिवार को समर्पित करना चाहती हूं। मुझे अपने परिवार और भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ ने बहुत सपोर्ट दिया है और उनकी वजह से ही हम यहां तक पहुंचे हैं।"
भावुक होते हुए उन्होंने बताया कि वह हर मेडल जीतने के बाद सबसे पहले अपनी माँ को फोन करती हैं। उन्होंने कहा, "मेरी प्रतियोगिता के कारण पिछले कुछ दिन से वो निराश थीं। आज भी मैंने उन्हें ही सबसे पहले कॉल किया है और उन्होंने मुझे मेडल जीतने पर बधाई दी।"
कैसा रहा मुकाबला?
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक कनाडा की शार्लेट सिमोन्यू ने जीता, जिन्होंने कुल 240 किलोग्राम (स्नैच में 108 किलो और क्लीन एंड जर्क में 132 किलो) वजन उठाया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की न्या फीबे हेमैन कुल 218 किलोग्राम (स्नैच में 97 किलो और क्लीन एंड जर्क में 121 किलो) वजन के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं।
इनपुट: IANS


