फीफा अध्यक्ष की राह मुश्किल: न्यूजीलैंड ने इन्फेंटिनो से समर्थन वापस लिया, स्वतंत्र जांच की मांग
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के लिए 2027 में होने वाले चुनावों की राह मुश्किल होती दिख रही है। न्यूजीलैंड फुटबॉल (NZF) ने आधिकारिक तौर पर उनकी उम्मीदवारी से अपना समर्थन वापस ले लिया है। समाचार…
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के लिए 2027 में होने वाले चुनावों की राह मुश्किल होती दिख रही है। न्यूजीलैंड फुटबॉल (NZF) ने आधिकारिक तौर पर उनकी उम्मीदवारी से अपना समर्थन वापस ले लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले से इन्फेंटिनो पर दबाव बढ़ गया है, जो अगले साल फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
न्यूजीलैंड फुटबॉल ने न सिर्फ अपना समर्थन वापस लिया है, बल्कि फीफा फॉरवर्ड एंटरप्राइज (FFE) स्कीम की स्वतंत्र समीक्षा की भी मांग की है। यह कदम ओशिनिया फुटबॉल कन्फेडरेशन (OFC) की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद उठाया गया है।
क्यों टूटा भरोसा?
न्यूजीलैंड फुटबॉल ने एक बयान जारी कर अपने फैसले के पीछे की वजह बताई है। बयान में कहा गया, "ध्यान से सोचने के बाद, एनजेडएफ का मानना है कि फीफा के फैसलों और कामों की वजह से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भरोसा टूटा है और फूट बढ़ी है। भरोसा और विश्वास वापस लाने के लिए एक स्वतंत्र समीक्षा की जरूरत है।"
संगठन का मानना है कि यह फीफा के सभी सदस्य संघों के लिए मजबूत शासन, जवाबदेही और पारदर्शिता की वकालत करने का सही समय है। इन्फेंटिनो ने विश्व कप के कमर्शियल अधिकारों को अलग कर 20% निजी निवेश बेचकर लगभग 7.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाने का एक विवादास्पद प्रस्ताव रखा था, जिसे भारी आलोचना के बाद उन्हें वापस लेना पड़ा।
ओशिनिया कन्फेडरेशन का रुख
हालांकि, ओशिनिया फुटबॉल कन्फेडरेशन (OFC) ने फीफा द्वारा FFE प्रस्ताव वापस लेने और संबंधित मुद्दों की समीक्षा करने की प्रतिबद्धता का स्वागत किया है। ओएफसी ने कहा कि वह फीफा के नेतृत्व में ओशिनिया में फुटबॉल के विकास में हुई प्रगति को स्वीकार करता है।
कन्फेडरेशन ने कहा, "ओएफसी अपने सदस्य एसोसिएशन, फीफा, साथी कन्फेडरेशन और सभी फुटबॉल स्टेकहोल्डर्स के साथ रचनात्मक बातचीत और करीबी सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि दुनिया के सभी कोनों में फुटबॉल आगे बढ़ता रहे।"
इनपुट: IANS


