स्टीफन फ्लेमिंग बने इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए हेड कोच, जो रूट को फिर मिली कप्तानी
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपनी टेस्ट टीम के लिए एक बड़े बदलाव का ऐलान किया है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है, जबकि अनुभवी…
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपनी टेस्ट टीम के लिए एक बड़े बदलाव का ऐलान किया है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है, जबकि अनुभवी बल्लेबाज जो रूट एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लेमिंग अपने पुराने कीवी साथी ब्रेंडन मैकुलम की जगह लेंगे, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 2-1 से हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
फ्लेमिंग का कार्यकाल पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के बाद शुरू होगा। इस सीरीज के लिए मार्कस ट्रेस्कोथिक टीम के अंतरिम कोच की भूमिका निभाएंगे। फ्लेमिंग पहली बार दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर इंग्लैंड टीम के साथ बतौर हेड कोच जुड़ेंगे।
लीग क्रिकेट के सफल कोच
यह पहली बार है जब स्टीफन फ्लेमिंग किसी अंतरराष्ट्रीय टीम को कोचिंग देंगे, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपनी कोचिंग में पांच खिताब जितवा चुके हैं। उनकी देखरेख में CSK ने 10 बार फाइनल में जगह बनाई। हाल ही में IPL 2026 की समाप्ति के बाद उन्होंने CSK और उससे जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर लिया था। इसके अलावा, उन्होंने BBL में मेलबर्न स्टार्स और द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव को भी कोचिंग दी है।
नई भूमिका पर क्या बोले फ्लेमिंग और रूट
अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए फ्लेमिंग ने कहा, "मैं टेस्ट कोच के तौर पर इंग्लैंड से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हूं। यह वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे मशहूर कोचिंग पोजीशन में से एक है।" उन्होंने टीम की युवा प्रतिभाओं को विश्व स्तरीय क्रिकेटर बनाने में मदद करने का लक्ष्य रखा है।
फ्लेमिंग ने कप्तान जो रूट को 'एक पीढ़ी का टैलेंट' बताते हुए उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुकता जताई। उन्होंने कहा, "मैं खास तौर पर जो रूट के साथ कप्तान के तौर पर काम करने का इंतजार कर रहा हूं—एक पीढ़ी का टैलेंट जिसने पहले ही बहुत कुछ हासिल कर लिया है।" वहीं, दोबारा कप्तान बनाए जाने पर जो रूट ने कहा, "इंग्लैंड को लीड करने का एक और मौका मिलने पर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं।" उन्होंने फ्लेमिंग को एक 'असाधारण लीडर' बताया जिनके साथ काम करना प्रेरणादायक होगा।
ECB के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा, "स्टीफन फ्लेमिंग क्रिकेट की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक हैं। हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि उनके जैसा कोई इंग्लैंड मेन्स टेस्ट हेड कोच बनने का चुनौती लेने को तैयार है।"
इनपुट: IANS


