पाकिस्तानी बल्लेबाज़ों पर भड़के कोच सरफराज अहमद, बोले- पिच पर टिकना सीखें
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ों का लगातार खराब प्रदर्शन हेड कोच सरफराज अहमद के लिए चिंता का सबब बन गया है। टीम के बार-बार 30-35 ओवर के भीतर सिमट जाने से नाखुश सरफराज ने बल्लेबाजों को क्रीज पर…
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ों का लगातार खराब प्रदर्शन हेड कोच सरफराज अहमद के लिए चिंता का सबब बन गया है। टीम के बार-बार 30-35 ओवर के भीतर सिमट जाने से नाखुश सरफराज ने बल्लेबाजों को क्रीज पर समय बिताने की सख्त हिदायत दी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, उन्होंने कहा कि शुरुआती मुश्किल गेंदों का सामना करने के बाद ही पारी को संवारा जा सकता है।
यह नाराजगी टीम के हालिया प्रदर्शन के बाद सामने आई है। लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में क्रमशः 171 और 135 रनों पर सिमटने के बाद लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में भी पाकिस्तानी टीम सिर्फ 110 रन ही बना सकी। इंग्लिश तेज गेंदबाजों के सामने टीम के बल्लेबाजों ने आसानी से हथियार डाल दिए।
कोच ने बताई समस्या की जड़
सरफराज ने टीम की इस कमजोरी को स्वीकार करते हुए कहा, "आप इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि हमारी टीम 30 या 35 ओवर में ही ऑलआउट हो रही है। जाहिर है कि हमने इस पर बात की है और बल्लेबाजों को भी पता है कि हम पिच पर अधिक समय नहीं बिता रहे हैं।" उन्होंने बल्लेबाजों के लिए एक सीधा फॉर्मूला सुझाया, "हां, हालात बल्लेबाजों के लिए निश्चित रूप से मुश्किल हैं, लेकिन जो भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा समय बिताएगा और 30 से 40 गेंदें खेलेगा, उसे फायदा होगा। शुरुआती 30-40 गेंदें मुश्किल होती हैं, लेकिन अगर हम उनसे पार पा लें, तो हम बेहतर स्थिति में होंगे।"
अजान अवैस की जमकर तारीफ
इस निराशाजनक प्रदर्शन के बीच कोच ने युवा बल्लेबाज अजान अवैस की जमकर तारीफ की। अवैस ने अकेले संघर्ष करते हुए 102 गेंदों का सामना किया और 46 रन बनाए। सरफराज ने कहा, "मुझे लगता है कि अजान अवैस की तारीफ होनी चाहिए। जिस तरह से उन्होंने आर्चर के उस स्पेल का सामना किया, वह उनके और उनके करियर के लिए बहुत अच्छा है।" कोच ने आगे कहा, "अजान ने भी शुरुआत में दबाव को अच्छे से संभाला और बाद में कुछ बहुत अच्छे शॉट खेले... एक बल्लेबाज के तौर पर, यह उनके लिए बहुत बड़ा बूस्ट होगा।"
इनपुट: IANS


