भारत vs श्रीलंका: ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल की जोड़ी ने दिखाया दम, कोलंबो टेस्ट में भारत की पकड़ मजबूत
कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल की शानदार साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया ने लंच ब्रेक तक पहली पारी में 6 विकेट के…
कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल की शानदार साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया ने लंच ब्रेक तक पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 419 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 151 गेंदों पर 112 रनों की अटूट साझेदारी कर श्रीलंकाई गेंदबाजों को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया है।
पहले दिन चोट के कारण मैदान से बाहर जाने वाले ऋषभ पंत ने वापसी करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। धीमी शुरुआत के बाद उन्होंने लय पकड़ी और सिर्फ 81 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लंच के समय पंत 88 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद थे। उनका साथ निभा रहे ध्रुव जुरेल भी 107 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे। दिन के पहले सेशन में भारत ने सिर्फ सारांश जैन (6 रन) का विकेट खोया।
पडिक्कल का शतक और गिल का अर्धशतक
इससे पहले, टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की पारी का मुख्य आकर्षण देवदत्त पडिक्कल का लगातार दूसरा शतक रहा। उन्होंने 193 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 117 रनों की शानदार पारी खेली। इस प्रदर्शन के साथ वह 2018-19 के बाद विदेशी धरती पर लगातार दो टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कप्तान शुभमन गिल ने भी 108 गेंदों पर 50 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि यशस्वी जायसवाल (45 रन) और रवींद्र जडेजा (43 रन) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।
श्रीलंका के लिए गेंदबाजी में अब तक असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि, पंत और जुरेल की साझेदारी के आगे उनकी टीम दूसरे दिन के पहले सत्र में पूरी तरह बेबस नजर आई।
इनपुट: IANS


