इटली को फुटबॉल के शिखर पर वापस लाएँगे पेप गार्डियोला? फेडरेशन ने दिया बड़ा ऑफर
लगातार तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद, इटली का फुटबॉल फेडरेशन अब एक बड़े बदलाव की तैयारी में है। इस मिशन के केंद्र में विश्व के सबसे सफल कोचों में से एक, पेप…
लगातार तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद, इटली का फुटबॉल फेडरेशन अब एक बड़े बदलाव की तैयारी में है। इस मिशन के केंद्र में विश्व के सबसे सफल कोचों में से एक, पेप गार्डियोला को लाने की महत्वाकांक्षी योजना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इटैलियन फुटबॉल फेडरेशन (FIGC) अपनी पुरुष राष्ट्रीय टीम के लिए गार्डियोला को हेड कोच बनाने के लिए अपने बजट में भी बड़ा फेरबदल करने को तैयार है।
मैनचेस्टर सिटी के साथ 10 साल का सफल कार्यकाल समाप्त करने के बाद गार्डियोला फिलहाल फ्री एजेंट हैं। सिटी के साथ उन्होंने 20 बड़ी ट्रॉफियां जीतीं, जिसमें छह प्रीमियर लीग खिताब और एक ऐतिहासिक ट्रेबल शामिल है।
एक नई शुरुआत की कोशिश
इस बड़े कदम के लिए फेडरेशन के वरिष्ठ अधिकारी पाओलो मालदिनी और उनके सलाहकार लियोनार्डो ने हाल ही में बार्सिलोना में गार्डियोला से मुलाकात की। इस बातचीत में उन्हें सिर्फ सीनियर टीम को मैनेज करने का नहीं, बल्कि इटैलियन फुटबॉल को जमीनी स्तर से फिर से खड़ा करने का एक दीर्घकालिक विजन पेश किया गया। इस प्रस्ताव में गार्डियोला को एक बड़े 'अजुरो प्रोजेक्ट' का केंद्रीय चेहरा बनाने की बात कही गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पेनिश कोच ने इस प्रेजेंटेशन को ध्यान से सुना है और अब अपने विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बड़ा दांव
फेडरेशन के सामने आर्थिक चुनौतियां हैं, लेकिन वह गार्डियोला जैसे बड़े नाम के लिए नियमों में ढील देने को तैयार है। FIGC के अध्यक्ष जियोवानी मालागो ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, "शॉर्ट से मीडियम टर्म में, यह कहना कि हमें अपनी कमर कसनी है, कम होगा। हालांकि, कुछ अपवाद भी किए गए हैं, जो इन दिनों इतने बड़े नाम को लेकर हो सकते हैं।” यह बयान इशारा करता है कि गार्डियोला की सेवाएं लेने के लिए वित्तीय बाधाओं को दूर किया जा सकता है।
इनपुट: IANS


