श्रीलंका दौरा: युवा टीम इंडिया की बड़ी उम्मीद क्यों हैं रवींद्र जडेजा? आँकड़े दे रहे हैं गवाही
भारतीय क्रिकेट टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका के दौरे पर है, लेकिन इस बार टीम का स्वरूप काफी बदला हुआ है। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की गैर-मौजूदगी और जसप्री…
भारतीय क्रिकेट टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका के दौरे पर है, लेकिन इस बार टीम का स्वरूप काफी बदला हुआ है। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की गैर-मौजूदगी और जसप्रीत बुमराह व साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों के चोटिल होने से टीम में अनुभव की कमी साफ दिख रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे हालात में 37 वर्षीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा टीम के लिए सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
टेस्ट फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर जडेजा का श्रीलंका के खिलाफ पुराना रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उनके आंकड़े बताते हैं कि वह गेंद और बल्ले, दोनों से श्रीलंकाई टीम पर भारी पड़े हैं। हाल ही में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में 63 रन की पारी खेलकर और 2 विकेट लेकर उन्होंने अपने इरादे भी जाहिर कर दिए हैं।
श्रीलंका के खिलाफ जडेजा का दबदबा
2017 से 2022 के बीच जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 7 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने बल्लेबाजी में 9 पारियों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 326 रन बनाए, जिसमें उनका नाबाद 175 रन का उच्चतम स्कोर भी शामिल है। वहीं गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहाँ उन्होंने 33 विकेट झटके हैं। इसमें दो बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 41 रन देकर 5 विकेट रहा है।
श्रीलंका की धरती पर भी दमदार प्रदर्शन
रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन सिर्फ घरेलू मैदान पर ही नहीं, बल्कि श्रीलंका में भी असरदार रहा है। 2017 में उन्होंने श्रीलंका में खेले 2 टेस्ट मैचों की 4 पारियों में 13 विकेट अपने नाम किए थे, जिसमें एक बार पारी में 5 विकेट भी शामिल थे। बल्लेबाजी में भी उन्होंने 2 पारियों में 85 रन बनाए थे, जिसमें 70 रन की नाबाद पारी भी थी।
एक शानदार टेस्ट करियर
जडेजा भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ माने जाते हैं। अपने अब तक के 89 टेस्ट मैचों के करियर में उन्होंने 38.27 की औसत से 4,095 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में भी वह 348 विकेट ले चुके हैं। वह 15 बार एक पारी में 5 विकेट और 3 बार एक मैच में 10 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
इनपुट: IANS


