U-19 T20 वर्ल्ड कप: UAE की लड़कियों ने रचा इतिहास, रोमांचक फाइनल में 1 रन से जीतकर किया क्वालिफाई
कुआलालंपुर: यूएई की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने 2027 में होने वाले ICC U-19 T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कुआलालंपुर में हुए एशिया क्वालिफायर के फाइनल…
कुआलालंपुर: यूएई की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने 2027 में होने वाले ICC U-19 T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कुआलालंपुर में हुए एशिया क्वालिफायर के फाइनल मुकाबले में यूएई ने मेजबान मलेशिया को सांसें रोक देने वाले मैच में सिर्फ एक रन से हराया। इस जीत के साथ ही यूएई ने रीजनल क्वालिफायर से वर्ल्ड कप का एकमात्र टिकट हासिल कर लिया।
बायुमास ओवल में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 95 रन बनाए। टीम के लिए मसीरा जहांगीर ने 31 और मेहुल कुलकर्णी ने 22 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशियाई टीम अंत तक संघर्ष करती रही, लेकिन 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 94 रन ही बना सकी और एक रन से खिताब गंवा बैठी।
मसीरा जहांगीर का ऑलराउंड प्रदर्शन
मैच की हीरो यूएई की मसीरा जहांगीर रहीं, जिन्होंने बल्ले से 31 रन बनाने के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 12 रन देकर 2 अहम विकेट झटके। इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
टूर्नामेंट में अजेय रहा यूएई
यूएई का यह अभियान बेहद सफल और अजेय रहा। 23 जुलाई से शुरू हुए इस आठ टीमों के टूर्नामेंट में यूएई ने अपने सभी मुकाबले जीते। लीग स्टेज में उन्होंने हांगकांग चीन, मलेशिया और कतर को हराया, जबकि सेमीफाइनल में भूटान पर 73 रनों की बड़ी जीत दर्ज की थी।
टीम की कप्तान महक ठाकुर ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि हमारी टीम ने इस फाइनल में दबाव का कितनी अच्छी तरह सामना किया, जिससे हमें जीत मिली। अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना बहुत रोमांचक है।"
गौरतलब है कि ICC अंडर-19 विमेंस T20 वर्ल्ड कप का तीसरा संस्करण 2027 में नेपाल और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत ने इस टूर्नामेंट के पहले दोनों संस्करणों में जीत हासिल की है।
इनपुट: IANS


