अभिषेक शर्मा ने खोला तूफ़ानी शतक का राज़: बोले- हर सीरीज़ से पहले अपनाता हूँ एक ख़ास 'प्रक्रिया'
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का मानना है कि उनकी ज़बरदस्त फॉर्म के पीछे एक सोची-समझी तैयारी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का मानना है कि उनकी ज़बरदस्त फॉर्म के पीछे एक सोची-समझी तैयारी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय उस प्रक्रिया को दिया है, जिसे वह हर सीरीज़ से पहले अपनाते हैं। इसी तैयारी के दम पर उन्होंने गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में महज 34 गेंदों पर 108 रनों की तूफानी पारी खेली।
26 वर्षीय इस बल्लेबाज ने मैच के बाद अपनी रणनीति पर बात करते हुए कहा, "सब कुछ उस प्रक्रिया पर निर्भर करता है जिसे मैं हर सीरीज से पहले अपनाता हूं। मेरे लिए यह बहुत जरूरी है कि मैं किसके खिलाफ खेलने जा रहा हूं और कौन-से गेंदबाज होंगे।" उन्होंने आगे बताया कि वह पावरप्ले का इस्तेमाल कैसे करेंगे और उस दौरान कौन गेंदबाज़ी करेगा, इन बातों पर खास ध्यान देते हैं।
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन और अवॉर्ड्स
अभिषेक ने इस मैच में सिर्फ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था, जो किसी भी भारतीय द्वारा सबसे तेज टी20 शतक है। यह 'फुल मेंबर' देश के किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक भी है। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को 3-0 से हराया। इस ऐतिहासिक पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' और पूरी श्रृंखला में शानदार खेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया।
'एक-दो ख़राब सीरीज़ से नहीं बदलेगा अंदाज़'
अभिषेक शर्मा ने ज़ोर देकर कहा कि टीम की आक्रामक बल्लेबाजी की शैली एक या दो खराब सीरीज से प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा, "हम बीते 2 वर्षों से ऐसा कर रहे हैं। एक या दो खराब सीरीज से बैटिंग यूनिट के तौर पर हमारी पहचान तय नहीं होगी।" उन्होंने टीम के माहौल की तारीफ करते हुए कहा कि उतार-चढ़ाव के बावजूद ड्रेसिंग रूम का माहौल और सबकी सोच एकजुट रहती है, जो दबदबा बनाए रखने के लिए ज़रूरी है।
उन्होंने अपनी हाई-रिस्क वाली आक्रामक शैली को लगातार जारी रखने का श्रेय टीम मैनेजमेंट को दिया। अभिषेक के अनुसार, "जब आप किसी खास तरीके से खेलना चाहते हैं, तो यह बहुत जरूरी है कि कप्तान और कोच आपके साथ हों... उन्हीं की वजह से हम कई वर्षों से ऐसा कर रहे हैं, और उम्मीद है कि हम इसे आगे भी जारी रखेंगे।"
इनपुट: IANS


