इमरान खान की सेहत पर दुनिया के दिग्गज क्रिकेटर चिंतित, माइकल एथरटन बोले- सरकार उन्हें खत्म करना चाहती है
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व विजेता कप्तान इमरान खान के जेल में बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटरों ने गहरी चिंता जताई है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने एक…
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व विजेता कप्तान इमरान खान के जेल में बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटरों ने गहरी चिंता जताई है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने एक पॉडकास्ट में कहा है कि उन्हें लगता है कि पाकिस्तान सरकार ने इमरान को "लगभग खत्म करने की कोशिश की है"। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, एथरटन उन 21 पूर्व कप्तानों में शामिल हैं जिन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों को पत्र लिखकर इमरान के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग की है।
एथरटन ने बताया, "नासिर हुसैन और मैं उन 21 पुराने कप्तानों में से थे जिन्होंने दूसरा पत्र भेजा। यह इमरान खान के लिए एक इंसानी अपील थी कि उन्हें सही इलाज मिले।" उन्होंने यह भी कहा, "मुझे लगता है कि सरकार ने इमरान को लगभग खत्म करने की कोशिश की है। हालांकि, सोशल मीडिया के जमाने में यह करना मुश्किल होता जा रहा है।"
मानवीय आधार पर बेहतर इलाज की अपील
भ्रष्टाचार के आरोपों में 2023 से जेल में बंद 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के समर्थन में भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव, सुनील गावस्कर और दिलीप वेंगसरकर ने भी इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। कपिल देव ने इमरान के साथ अपने पुराने दिनों को याद करते हुए मानवीय आधार पर बेहतर सुविधाओं की वकालत की।
कपिल ने कहा, "हम चाहते हैं कि उन्हें सबसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले। हम कुछ और नहीं मांग रहे हैं, हम कोई जवाब नहीं मांग रहे हैं, हम अनुरोध कर रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा, "मैं पाकिस्तानी क्रिकेटरों को न बोलने के लिए दोष नहीं देता। उन्हें वहीं रहना है। लेकिन मैं अपने दोस्त का समर्थन करना चाहूंगा, जिसे हम पसंद करते थे और जिसके साथ खेले थे।"
'एक कैदी को विनम्र सुविधाएं मिलनी चाहिए'
भारत के महान ऑलराउंडर ने आगे कहा कि देश के कानून की जानकारी न होते हुए भी एक कैदी को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "हमें देश का कानून नहीं पता, यह ठीक है। लेकिन एक कैदी को, चाहे वह कोई भी हो, विनम्रता और आसान सुविधाएं दी जानी चाहिए। वह पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ, देश की क्रिकेट टीम को विश्व कप जीताने वाले कप्तान रहे हैं।" रिपोर्ट्स के मुताबिक, खराब स्वास्थ्य के बावजूद इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं दी जा रही है।
इनपुट: IANS


