रियाद एयरपोर्ट पर हमले का असर: सऊदी अरब में होने वाला फीफा-ई फाइनल्स 2026 स्थगित
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हाल ही में हुए एक घातक हमले के बाद, देश में होने वाले प्रतिष्ठित फीफा-ई फाइनल्स 2026 को स्थगित कर दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह फैसला फीफा और सऊदी…
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हाल ही में हुए एक घातक हमले के बाद, देश में होने वाले प्रतिष्ठित फीफा-ई फाइनल्स 2026 को स्थगित कर दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह फैसला फीफा और सऊदी ईस्पोर्ट्स फेडरेशन ने मिलकर लिया है। यह ई-स्पोर्ट्स टूर्नामेंट 16 से 25 अक्टूबर के बीच जेद्दा शहर में आयोजित होना था।
फैसले की मुख्य वजह 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ हमला है। यमन के ईरान समर्थित हूती आंदोलन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी, जिसे पिछले एक दशक में देश पर हुआ सबसे खतरनाक हमला माना जा रहा है। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 309 लोग घायल हुए थे।
सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स संबंधी चिंताएं
इवेंट के आयोजकों ने एक बयान जारी कर कहा, "यह निर्णय क्षेत्र के हालिया घटनाक्रमों और टूर्नामेंट के आयोजन के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं पर उनके प्रभाव की समीक्षा के बाद लिया गया है।" फीफा ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट के बारे में आगे की जानकारी सही समय पर साझा की जाएगी। बयान में फीफा ने पिछले सफल आयोजन का जिक्र करते हुए फीफा-ई फाइनल्स 2026 की तैयारियों में सऊदी अरब और सऊदी ईस्पोर्ट्स फेडरेशन के समर्थन और सहयोग की सराहना की।
अन्य खेल आयोजनों पर भी असर
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले का असर सिर्फ ई-स्पोर्ट्स तक ही सीमित नहीं है। लॉजिस्टिक चुनौतियों के कारण सऊदी अरब में होने वाले सिक्स किंग्स स्लैम टेनिस प्रदर्शनी टूर्नामेंट को भी 27-30 दिसंबर, 2026 तक के लिए टाल दिया गया है। इसके अलावा, ऐसी भी आशंका है कि 2027 में होने वाले एएफसी एशियन कप को भी एक साल के लिए टाला जा सकता है। यह महाद्वीपीय फुटबॉल टूर्नामेंट अगले साल 7 जनवरी से रियाद, जेद्दा और अल-खोबर में शुरू होने वाला था।
इनपुट: IANS


