T20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर, बोले- 'सोचा नहीं था कि ऐसा होगा'
हाल ही में भारत को अपनी कप्तानी में T20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने टीम से अचानक बाहर किए जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इस फैसले को पूरी तरह से चौंकाने वाला बताया…
हाल ही में भारत को अपनी कप्तानी में T20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने टीम से अचानक बाहर किए जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इस फैसले को पूरी तरह से चौंकाने वाला बताया है और कहा कि वह अगले दो बड़े टूर्नामेंट्स के लिए टीम का नेतृत्व करने की योजना बना रहे थे।
भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के शो 'बैठ और बोल' में बातचीत के दौरान सूर्यकुमार ने इस पूरे घटनाक्रम पर खुलकर अपनी राय रखी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यादव ने कहा कि चयनकर्ताओं ने टीम की घोषणा से कुछ दिन पहले ही उन्हें फोन पर इस फैसले की जानकारी दी थी।
'आगे बढ़ने का समय आ गया है'
सूर्यकुमार ने बताया, "टीम के ऐलान से दो-तीन दिन पहले उन्होंने [चयनकर्ताओं ने] मुझे फोन किया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है।' मैंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी क्योंकि यह मेरा स्वभाव नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "जो भी फैसला लिया गया, उन्हें लगा होगा कि यह टीम के हित में है। आपने निर्णय लिया, मुझे बताया, इसमें कोई बुराई नहीं है।"
यादव ने यह भी खुलासा किया कि वह 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक और उसी साल होने वाले अगले T20 विश्व कप में टीम की कप्तानी करने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मैंने नहीं सोचा था कि ऐसा 2026 में होगा। मुझे लग रहा था कि मैं इस टीम को अगले दो साल तक आगे ले जाने की तैयारी कर रहा था।"
खराब फॉर्म बनी वजह?
यह फैसला सूर्यकुमार यादव के लिए बल्लेबाजी में एक मुश्किल दौर के बाद आया है। उन्होंने विश्व कप में 242 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद आईपीएल में उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। आईपीएल 2025 में 717 रन बनाने वाले सूर्यकुमार मुंबई इंडियंस के लिए 2026 के सीजन में केवल 270 रन ही बना सके थे।
नए कप्तान की तारीफ, फैसले पर निराशा
सूर्यकुमार ने टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ की लेकिन कप्तानी से हटाए जाने पर अपनी निराशा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "उन्होंने जिस खिलाड़ी (श्रेयस अय्यर) को चुना है, मैंने उनके साथ काफी क्रिकेट खेला है... वह एक अच्छे खिलाड़ी, अच्छे इंसान और अच्छे कप्तान भी हैं।" हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया, "निराशा जरूर हुई क्योंकि हमने दो साल तक कोई सीरीज नहीं हारी थी, एशिया कप और T20 वर्ल्ड कप जीता था... जब सब कुछ अच्छा चल रहा हो, तो फिर बदलाव क्यों?"
इनपुट: IANS


