बुधवार, 16 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज: फैंस के लिए खुशखबरी, स्टेडियम में मिलेगी मुफ़्त एंट्री

क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है, खासकर उनके लिए जो भारत और श्रीलंका के बीच आगामी टेस्ट सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए…

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज: फैंस के लिए खुशखबरी, स्टेडियम में मिलेगी मुफ़्त एंट्री
(फोटो: IANS)

क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है, खासकर उनके लिए जो भारत और श्रीलंका के बीच आगामी टेस्ट सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम के दरवाजे सभी दर्शकों के लिए मुफ्त में खोल दिए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह फैसला दोनों टेस्ट मैचों में दर्शकों की संख्या बढ़ाने और खेल के प्रति उत्साह जगाने के मकसद से लिया गया है।

यह दो मैचों की सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "श्रीलंका क्रिकेट यह घोषणा करना चाहता है कि श्रीलंका और इंडिया के बीच आने वाली टेस्ट सीरीज में दर्शकों की एंट्री फ्री होगी। इससे क्रिकेट फैंस को वर्ल्ड-क्लास टेस्ट क्रिकेट देखने का एक शानदार मौका मिलेगा।"

मैदान में कैसे मिलेगी फ्री एंट्री?

दर्शकों को आसानी से प्रवेश देने के लिए दोनों स्टेडियमों में खास इंतजाम किए गए हैं। गॉल में होने वाले पहले टेस्ट के लिए दर्शक गेट नंबर 4 से मुफ्त प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, कोलंबो में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए गेट नंबर 3, 4, 5 और 7 को फ्री एंट्री के लिए निर्धारित किया गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने देश के सभी खेल प्रेमियों, युवा क्रिकेटरों और परिवारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से अहम सीरीज

यह सीरीज सिर्फ मनोरंजन के लिए ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नजरिए से भी काफी महत्वपूर्ण है। WTC अंक तालिका में भारतीय टीम फिलहाल पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंकाई टीम छठे पायदान पर है। फाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए भारत को इस सीरीज में दमदार प्रदर्शन करना होगा।

गौरतलब है कि 2017 में जब भारत ने आखिरी बार श्रीलंका का टेस्ट दौरा किया था, तो उसने 3-0 से क्लीन स्वीप करते हुए सीरीज अपने नाम की थी। इस बार भारतीय टीम में युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी है, तो वहीं श्रीलंकाई टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है, जिससे एक कड़े मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →