सुब्रतो कप 2024: दिल्ली-बेंगलुरु में 100 से ज़्यादा टीमें भिड़ेंगी, जानिए पूरा शेड्यूल और वेन्यू
भारत के प्रतिष्ठित सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का 65वां संस्करण इस साल 18 अगस्त से 24 सितंबर तक आयोजित होने जा रहा है। देश के युवा फुटबॉलरों के लिए यह एक बड़ा मंच है, जिसके मुकाबले नई…
भारत के प्रतिष्ठित सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का 65वां संस्करण इस साल 18 अगस्त से 24 सितंबर तक आयोजित होने जा रहा है। देश के युवा फुटबॉलरों के लिए यह एक बड़ा मंच है, जिसके मुकाबले नई दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में खेले जाएँगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल टूर्नामेंट में तीन अलग-अलग आयु वर्गों में 107 टीमें खिताब के लिए ज़ोर-आज़माइश करेंगी।
बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इस मौके पर एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन और सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी (एसएमएसईएस) के उपाध्यक्ष, एयर मार्शल एस. शिवकुमार वीएसएम मौजूद थे। उनके साथ भारतीय फुटबॉल की जानी-मानी खिलाड़ी आशालता देवी लोइतोंगबम भी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित थीं।
टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल
टूर्नामेंट को तीन चरणों और दो शहरों में बाँटा गया है। इसकी शुरुआत जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) वर्ग से होगी, जिसके मैच 18 से 27 अगस्त तक नई दिल्ली एनसीआर में खेले जाएँगे। इसके बाद, एक्शन बेंगलुरु शिफ़्ट हो जाएगा जहाँ 1 से 9 सितंबर तक सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) के मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट का अंतिम चरण जूनियर बॉयज (अंडर-17) वर्ग का होगा, जो 15 से 24 सितंबर तक फिर से नई दिल्ली एनसीआर में आयोजित किया जाएगा।
खेल का पैमाना और वेन्यू
इस साल की प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और शैक्षणिक संस्थानों की टीमों के अलावा श्रीलंका की एक अंतरराष्ट्रीय टीम भी भाग ले रही है। तीनों वर्गों को मिलाकर कुल 215 से ज़्यादा मैच खेले जाएँगे।
नई दिल्ली-एनसीआर में मैच अंबेडकर स्टेडियम, तेजस फुटबॉल ग्राउंड, सुब्रतो पार्क फुटबॉल ग्राउंड, पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड और राजोकरी फुटबॉल ग्राउंड में होंगे। वहीं, बेंगलुरु में एयर फोर्स स्कूल (जलाहल्ली), एयर फोर्स स्कूल (येलाहंका) और सुब्रतो फुटबॉल ग्राउंड (जलाहल्ली) को वेन्यू बनाया गया है।
इस अवसर पर एयर मार्शल एस. शिवकुमार ने कहा, "भारतीय वायु सेना और एसएमएसईएस हर साल इस टूर्नामेंट को और बड़ा और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि युवा एथलीट्स को अपने करियर में आगे बढ़ने का मंच मिल सके।" उन्होंने सभी टीमों को बधाई देते हुए खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
इनपुट: IANS


