बुधवार, 4 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
फुटबॉल

राफेल नडाल अब टेनिस कोर्ट के बाद फुटबॉल क्लब के बोर्डरूम में, रियल मैड्रिड में मिली बड़ी ज़िम्मेदारी

खेल की दुनिया के दो दिग्गजों का मिलन हुआ है। टेनिस के बादशाह राफेल नडाल अब स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब 'रियल मैड्रिड' के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में एक नई भूमिका निभाएंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…

राफेल नडाल अब टेनिस कोर्ट के बाद फुटबॉल क्लब के बोर्डरूम में, रियल मैड्रिड में मिली बड़ी ज़िम्मेदारी
(फोटो: IANS)

खेल की दुनिया के दो दिग्गजों का मिलन हुआ है। टेनिस के बादशाह राफेल नडाल अब स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब 'रियल मैड्रिड' के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में एक नई भूमिका निभाएंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नियुक्ति के साथ ही नडाल क्लब के प्रशासनिक और महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली टीम का हिस्सा बन गए हैं।

क्लब की बुधवार को हुई बोर्ड मीटिंग में नडाल की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए 'जनरल असेंबली ऑफ डेलीगेट मेंबर्स' (प्रतिनिधि सदस्यों की आम सभा) के पास भेजने का निर्णय लिया गया। 22 ग्रैंड स्लैम विजेता नडाल ने इस सम्मान पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, "मैं अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज और बोर्ड को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे रियल मैड्रिड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। मैंने इस प्रस्ताव को बहुत उत्साह, सीखने की इच्छा और अपना पूरा योगदान देने की भावना के साथ स्वीकार किया है।"

क्लब ने क्यों चुना नडाल को?

रियल मैड्रिड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि नडाल जैसे दिग्गज का बोर्ड में शामिल होना क्लब और उसके प्रशंसकों (मैड्रिडिस्टास) के लिए गर्व की बात है। क्लब के अनुसार, नडाल की खेल उपलब्धियां, विनम्रता, प्रतिस्पर्धा की भावना, अनुशासन और विरोधियों के प्रति सम्मान जैसे गुण क्लब के मूल्यों से मेल खाते हैं। बयान में कहा गया, "वे इस भूमिका के जरिए हमारे क्लब के वर्तमान और भविष्य में अपना योगदान देंगे।"

कोर्ट पर एक शानदार करियर

राफेल नडाल का टेनिस करियर दो दशकों से अधिक समय तक चला, जिसमें उन्होंने 92 सिंगल्स खिताब जीते। इनमें रिकॉर्ड 14 फ्रेंच ओपन, 4 यूएस ओपन, 2 विंबलडन और 2 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब शामिल हैं। उन्होंने ओलंपिक में भी देश का नाम रोशन किया, 2008 बीजिंग ओलंपिक में मेंस सिंगल्स और 2016 रियो ओलंपिक में मेंस डबल्स में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, उन्होंने स्पेन को पांच बार डेविस कप जिताने में भी अहम भूमिका निभाई। करियर के आखिरी सालों में लगातार चोटों से जूझने के बाद उन्होंने नवंबर 2024 में पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लिया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →