न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज गौतम गंभीर के लिए निर्णायक क्यों? अभिषेक नायर ने बताई अहमियत
भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज हेड कोच गौतम गंभीर और भारतीय प्रशंसकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज हेड कोच गौतम गंभीर और भारतीय प्रशंसकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, नायर ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय टीम को न्यूजीलैंड को उसके घर में हराकर पिछली घरेलू हार का बदला लेना चाहिए।
नायर ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, "न्यूजीलैंड भारत आई थी और उन्होंने हमें टेस्ट सीरीज में हराया था। इससे मुझे भी थोड़ी तकलीफ हुई और हमारे बाकी फैंस को भी। इसी कारण यह एक बहुत बड़ी सीरीज है।" उन्होंने आगे कहा, "जीवन में संतुलन होना चाहिए। वर्ल्ड कप महत्वपूर्ण है, लेकिन उसके लिए अभी समय है। मेरे हिसाब से यह टेस्ट सीरीज गौतम गंभीर और भारतीय फैंस के लिए एक निर्णायक सीरीज है।"
टेस्ट की तैयारी पर जोर
नायर ने टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो खिलाड़ी दोनों प्रारूपों (वनडे और टेस्ट) में खेल रहे हैं, उन्हें लाल गेंद से तैयारी के लिए प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा, "मैं चाहता था कि केएल राहुल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी, जो दोनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं, वे सिर्फ टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान दें। मेरी राय में उन्हें रेड-बॉल के साथ प्रैक्टिस करने के लिए एक-दो महीने का समय दिया जाना चाहिए था।"
उनकी चिंता का मुख्य कारण वनडे के बाद तुरंत टेस्ट सीरीज के लिए तालमेल बिठाने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह न्यूजीलैंड ने भारत को भारत में हराया था, अब टीम इंडिया को भी उन्हें उनके घर में हराना चाहिए।
वनडे टीम और जायसवाल का मामला
न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत ने अलग-अलग कप्तानों की घोषणा की है। पहले तीन मैचों में शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि आखिरी दो मैचों में यह जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर के पास होगी। गिल और केएल राहुल तीसरे वनडे के बाद टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए टीम से अलग हो जाएंगे।
इस बीच, यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में नहीं चुने जाने पर भी नायर ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यह फैसला जायसवाल को लाल गेंद के क्रिकेट में अपनी काबिलियत और मजबूत करने का अवसर दे सकता है। बकौल नायर, "मुझे पता है कि यशस्वी से जरूर बात हुई होगी कि देखो, हम तुम्हें इसलिए नहीं चुन रहे हैं क्योंकि रोहित शर्मा वैसे भी शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करने वाले हैं। इसी वजह से बाहर बैठने के बजाय, आप न्यूजीलैंड दौरे के लिए तैयारी करें और रणजी ट्रॉफी खेलें।"
इनपुट: IANS


