UAE क्रिकेटर आसिफ खान डोपिंग में दोषी, ICC ने लगाया 15 महीने का प्रतिबंध
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बल्लेबाज आसिफ खान पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते 15 महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 36…
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बल्लेबाज आसिफ खान पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते 15 महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 36 वर्षीय आसिफ के सैंपल में एक प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
मामला पिछले साल 8 सितंबर का है, जब प्रतियोगिता से इतर (out-of-competition) उनका डोप टेस्ट लिया गया था। जांच में उनके सैंपल में मेस्ट्रोलोन का मेटाबोलाइट मिला, जो विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (WADA) की प्रतिबंधित सूची में शामिल है। ICC ने अपने बयान में पुष्टि की कि आसिफ ने डोपिंग रोधी संहिता के आर्टिकल 2.1 के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है।
समझौते के तहत सजा
ICC के अनुसार, आसिफ खान ने एक 'मामला निपटारा समझौते' (Case Resolution Agreement) के तहत 15 महीने की अयोग्यता स्वीकार की है। इस समझौते के कारण अब अपील का कोई अधिकार नहीं होगा। यह प्रतिबंध 8 सितंबर, 2025 से लागू माना जाएगा, जब उनका सैंपल लिया गया था।
मेस्ट्रोलोन एक सिंथेटिक एनाबॉलिक स्टेरॉयड है, जिस पर वाडा ने हर तरह की प्रतियोगिता के दौरान और उसके बाहर भी रोक लगा रखी है।
क्या होगा प्रतिबंध का असर?
इस फैसले के तहत, 8 सितंबर 2025 से उनके अस्थायी निलंबन (29 दिसंबर 2025) तक के सभी व्यक्तिगत प्रदर्शनों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इसमें जीते गए कोई भी पदक, अंक या पुरस्कार राशि भी जब्त हो जाएगी।
हालांकि, उन्हें 8 अक्टूबर से UAE की सुविधाओं में ट्रेनिंग शुरू करने की इजाजत मिल गई है, लेकिन वे 8 दिसंबर तक कोई भी प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेल पाएंगे। दाएं हाथ के बल्लेबाज आसिफ ने UAE के लिए 38 वनडे में 1270 रन और 56 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1302 रन बनाए हैं।
इनपुट: IANS


