अंडर-19 एशिया कप: अफगानिस्तान की शानदार जीत, बांग्लादेश को 113 रनों से दी मात
मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के एक अहम मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने बांग्लादेश पर 113 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शाह फैसल रहीमी के शानदार अर्धशतक और…
मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के एक अहम मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने बांग्लादेश पर 113 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शाह फैसल रहीमी के शानदार अर्धशतक और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत अफगान टीम ने यह मैच अपने नाम किया। अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए बुरी तरह लड़खड़ा गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 19 रन पर फरीदुल्लाह (15) और फिर सुभान जखैल (4) का विकेट जल्दी खो दिया। 58 रन के स्कोर तक पहुँचते-पहुँचते आबिदुल्लाह नादरजन (15) और नोमान सलारजई (16) भी पवेलियन लौट चुके थे, जिससे टीम दबाव में आ गई थी।
फैसल की पारी ने अफगानिस्तान को संभाला
लड़खड़ाती पारी को मध्यक्रम में शाह फैसल रहीमी ने संभाला। उन्होंने पहले ताहिर सरवरी (37) के साथ पांचवें विकेट के लिए 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद, रहीमी ने कप्तान सोहेल खान (17) के साथ 42 रन और आमिर हमजा (16) के साथ 37 रन जोड़कर टीम को मुश्किल से उबारा। अपनी 83 रनों की पारी में उन्होंने 97 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी इस पारी की बदौलत अफगान टीम 49 ओवर में 231 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुँच सकी।
बांग्लादेशी बल्लेबाजी पूरी तरह विफल
232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 41 रन पर ही अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिससे उनकी हार लगभग तय हो गई थी। हालांकि, एसके जरीफ सियाम (41) और रोबिउल हसन अनिक (33) ने सातवें विकेट के लिए 55 रन जोड़कर कुछ संघर्ष दिखाया। लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही बाकी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 25.5 ओवर में सिर्फ 118 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
गेंदबाजों का रहा दबदबा
अफगानिस्तान की ओर से नूर अली, आमिर हमजा और सामी मुबारेज ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान सोहेल खान को एक सफलता मिली। बांग्लादेश के लिए तफीउल आलम तमीम 4 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, वहीं रोबिउल हसन अनिक ने 2 विकेट हासिल किए।
इनपुट: IANS


