ब्राजील के 'फेनोमेनो' रोनाल्डो से मिलीं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, कहा- 'उनकी यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करेगी'
ब्राजील के महान फुटबॉलर और दो बार के विश्व कप विजेता रोनाल्डो नाजारियो हाल ही में एक खेल कार्यक्रम के सिलसिले में भारत आए थे। इस दौरे पर केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने उनसे खास…
ब्राजील के महान फुटबॉलर और दो बार के विश्व कप विजेता रोनाल्डो नाजारियो हाल ही में एक खेल कार्यक्रम के सिलसिले में भारत आए थे। इस दौरे पर केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने उनसे खास मुलाकात की, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, खडसे ने इस बातचीत को यादगार बताते हुए कहा कि रोनाल्डो की यात्रा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
रक्षा खडसे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में रोनाल्डो को 'R9' और 'ओ फेनोमेनो' (The Phenomenon) जैसे लोकप्रिय नामों से संबोधित किया। उन्होंने लिखा, "दो बार के फीफा वर्ल्ड कप विनर और फुटबॉल के सर्वकालिक महानतम खिलाड़ियों में से एक, उनका अनोखा सफर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।" मंत्री ने इस मुलाकात को भारत में खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम बताया, जो युवा प्रतिभाओं को बड़े सपने देखने और उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए सशक्त बनाएगा।
कौन हैं रोनाल्डो नाजारियो?
18 सितंबर 1976 को रियो डे जेनेरियो में जन्मे रोनाल्डो को फुटबॉल के इतिहास के सबसे घातक स्ट्राइकरों में गिना जाता है। वह 1994 और 2002 में विश्व कप जीतने वाली ब्राजील की टीम का हिस्सा थे। 2002 के विश्व कप में तो उन्होंने 7 मैचों में 8 गोल दागकर अपनी टीम को चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे थे।
शानदार करियर के आंकड़े
रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय और क्लब करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 1994 से 2011 के बीच ब्राजील के लिए 98 मैचों में 62 गोल किए। वहीं, अपने क्लब करियर के दौरान बार्सिलोना, इंटर मिलान, रियल मैड्रिड और एसी मिलान जैसे दिग्गज क्लबों का प्रतिनिधित्व करते हुए 384 मैचों में 280 गोल दागे। फुटबॉल में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें तीन बार 'फीफा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर' और दो बार प्रतिष्ठित 'बैलन डी'ओर' पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
इनपुट: IANS


