सोमवार, 31 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 57 साल पुराना रिकॉर्ड, दलीप ट्रॉफी में रचा नया इतिहास

बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू क्रिकेट में एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 15 साल और 175 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़कर वैभव दलीप ट्रॉफी…

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 57 साल पुराना रिकॉर्ड, दलीप ट्रॉफी में रचा नया इतिहास
(फोटो: IANS)

बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू क्रिकेट में एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 15 साल और 175 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़कर वैभव दलीप ट्रॉफी के इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि सोमवार को बेंगलुरु में सेंट्रल जोन के खिलाफ खेले जा रहे सेमीफाइनल मुकाबले में हासिल की।

ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए वैभव ने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) ग्राउंड पर महज 42 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। इस शानदार पारी के साथ उन्होंने लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। लक्ष्मण सिंह ने 1969 में 16 साल और 23 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। इस सूची में भारत के पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 16 साल 307 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था।

शतक से चूके, पर खेली विस्फोटक पारी

हालांकि, वैभव सूर्यवंशी अपने पहले ही मैच में शतक बनाने से सिर्फ 8 रन से चूक गए। उन्होंने 92 रनों की अपनी आतिशी पारी के दौरान 7 चौके और 7 छक्के जड़े। आउट होने से पहले उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 161 रनों की मजबूत साझेदारी भी की। हर्ष दुबे की गेंद पर एक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में वह बाउंड्री पर अरशद खान को कैच थमा बैठे।

कप्तानी में भी दिखाया दम

इस मैच के दौरान वैभव ने कुछ समय के लिए ईस्ट जोन की कप्तानी भी संभाली। नियमित कप्तान ईशान किशन के हाथ में चोट लगने के कारण जब उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा, तब वैभव ने बतौर कार्यवाहक कप्तान जिम्मेदारी निभाई। अपने इस छोटे से कार्यकाल में उन्होंने एक सफल डीआरएस भी लिया, जिससे उनकी टीम को सेंट्रल जोन के ओपनर आर्यन जुयाल का अहम विकेट मिला था। मैच में सेंट्रल जोन की पहली पारी 266 रनों पर सिमट गई थी।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →