रियल मैड्रिड के साथ 2032 तक जुड़े रहेंगे विनिसियस जूनियर, अटकलों पर लगा विराम
ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर ने रियल मैड्रिड के साथ अपने भविष्य को लेकर महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने फुटबॉल क्लब के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट 30 जून 2032 तक के लिए…
ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर ने रियल मैड्रिड के साथ अपने भविष्य को लेकर महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने फुटबॉल क्लब के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट 30 जून 2032 तक के लिए बढ़ा लिया है, जिससे यह तय हो गया है कि वह आने वाले कई सालों तक मैड्रिड की जर्सी में ही नजर आएंगे।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, क्लब ने एक आधिकारिक बयान में इस समझौते की पुष्टि की है। इस घोषणा ने उन सभी खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें 26 वर्षीय खिलाड़ी के मैड्रिड छोड़ने और प्रीमियर लीग चैंपियन आर्सेनल में जाने की संभावना जताई जा रही थी।
मैड्रिड के लिए एक दशक का सफर
विनिसियस जूनियर जुलाई 2018 में महज 18 साल की उम्र में रियल मैड्रिड से जुड़े थे। अपने आठ सीजन के शानदार सफर में उन्होंने क्लब के लिए 375 मैच खेले हैं और 128 गोल दागे हैं। इस दौरान उन्होंने गोल करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण असिस्ट भी किए, जिससे टीम को बड़ी सफलताएं मिलीं।
उपलब्धियों और खिताबों की लंबी सूची
विनिसियस ने रियल मैड्रिड के साथ 14 बड़े खिताब जीते हैं। उनकी मौजूदगी में टीम ने 2 चैंपियंस लीग, 3 क्लब वर्ल्ड कप, 2 यूईएफए सुपर कप, 3 ला लीगा खिताब, 1 कोपा डेल रे और 3 स्पेनिश सुपर कप अपने नाम किए। खास तौर पर पिछले दो चैंपियंस लीग फाइनल में उनके गोल निर्णायक साबित हुए।
व्यक्तिगत तौर पर भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जिसके लिए उन्हें 'द बेस्ट फीफा मेंस प्लेयर अवॉर्ड 2024', इंटरकांटिनेंटल कप 2024 का 'गोल्डन बॉल' और चैंपियंस लीग 2023-24 का 'बेस्ट प्लेयर' जैसे सम्मान मिले हैं।
इनपुट: IANS


