शनिवार, 1 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

300 टेस्ट विकेटों के मुहाने पर जोश हेजलवुड, वापसी के साथ बड़ी सीरीज पर निगाहें

ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड 13 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। चोट के कारण पिछली एशेज सीरीज से बाहर रहे हेजलवुड का सामना बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में…

300 टेस्ट विकेटों के मुहाने पर जोश हेजलवुड, वापसी के साथ बड़ी सीरीज पर निगाहें
(फोटो: IANS)

ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड 13 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। चोट के कारण पिछली एशेज सीरीज से बाहर रहे हेजलवुड का सामना बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में होने वाले पहले टेस्ट से होगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वह अपने एक बड़े व्यक्तिगत कीर्तिमान से सिर्फ 5 विकेट दूर हैं, लेकिन उनका पूरा ध्यान टीम की सफलता पर केंद्रित है।

अगर हेजलवुड यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वे 300 टेस्ट विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के सातवें तेज गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले डेनिस लिली, ग्लेन मैकग्रा, ब्रेट ली, मिशेल जॉनसन, मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस जैसे दिग्गज यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। हालांकि, इस मील के पत्थर के बावजूद, हेजलवुड का कहना है कि वह व्यक्तिगत लक्ष्यों से आगे टीम के हित को रखते हैं।

टीम की सफलता पहली प्राथमिकता

आगामी व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर को देखते हुए हेजलवुड ने बड़ी तस्वीर पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा, "यह ग्रुप अब काफी लंबे समय से एक साथ है और बड़ी सीरीज जाहिर तौर पर इंग्लैंड और भारत हैं। मैं साउथ अफ्रीका में जीत दर्ज करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का एक बार भी हिस्सा नहीं रहा हूं। ऐसे में यह तीन सीरीज मेरी लिए काफी अहम होगी।" उनके मुताबिक, ये बड़ी टेस्ट सीरीज हमेशा दिमाग में रहती हैं और तैयारी को प्रभावित करती हैं।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि वह बहुत आगे के बारे में नहीं सोचते। हेजलवुड ने कहा, "मुझे लगता है कि जब भी आप खेल में आगे देखते हैं, तो यह आपको बहुत तेजी से नुकसान पहुंचा सकता है। मैंने पिछले कुछ हफ्तों से इसे सचमुच दिन-रात ऐसे ही देखा है। मुझे लगता है कि एक बार जब आप यह सब कर लेते हैं, तो आप डार्विन को देखते हैं।"

गेंदबाजी में गहराई और वर्कलोड मैनेजमेंट

ऑस्ट्रेलिया को अगले 12 महीनों में 21 टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसके चलते टीम के वर्कलोड मैनेजमेंट पर खास ध्यान दिया जाएगा। हेजलवुड का मानना है कि इस दौरान टीम को अपने सभी तेज गेंदबाजों की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने अपने साथी स्कॉट बोलैंड की तारीफ करते हुए कहा, "मैं बोलैंड के साथ और खेलना चाहूंगा... हर बार जब वह आए हैं, तो उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।"

उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि चार तेज गेंदबाजों के तौर पर हमारे पास माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉगेट भी हैं। इसी वजह से मुझे लगता है कि हमें अगले 18 महीनों में किसी समय इन सभी छह पर निर्भर रहना होगा।"

वापसी के लिए खास तैयारी

चोट से उबरने के बाद हेजलवुड ने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है। उन्होंने ब्रिस्बेन के नेशनल क्रिकेट सेंटर में खास ट्रेनिंग की है ताकि वह टेस्ट क्रिकेट के वर्कलोड के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने बताया कि इस बार की तैयारी सीधे टेस्ट मैच के हिसाब से की गई है, जिसमें सीमित ओवरों के मैच या यात्रा का दबाव नहीं था, जो इसे अधिक फायदेमंद बनाता है।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →