शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

WBBL: बेथ मूनी को मिली पर्थ स्कॉर्चर्स की कमान, सोफी डिवाइन की जगह बनेंगी नई कप्तान

विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम अब एक नए नेतृत्व में खेलेगी। टीम ने अनुभवी खिलाड़ी बेथ मूनी को आगामी 12वें सीजन के लिए अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। वह सोफी डिवाइन की जगह…

WBBL: बेथ मूनी को मिली पर्थ स्कॉर्चर्स की कमान, सोफी डिवाइन की जगह बनेंगी नई कप्तान
(फोटो: IANS)

विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम अब एक नए नेतृत्व में खेलेगी। टीम ने अनुभवी खिलाड़ी बेथ मूनी को आगामी 12वें सीजन के लिए अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। वह सोफी डिवाइन की जगह लेंगी, जिन्होंने छह साल तक टीम की कमान संभाली थी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मूनी को उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए यह नई ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

32 वर्षीय मूनी ने खुद को लीग के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक के रूप में स्थापित किया है। पर्थ के लिए 80 मैचों में 3,024 रन बनाकर वह टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। वह तीन बार WBBL चैंपियन रह चुकी हैं, जिसमें स्कॉर्चर्स के साथ एक खिताब और इससे पहले ब्रिस्बेन हीट के साथ दो खिताब शामिल हैं। मूनी को ऑस्ट्रेलिया के 2026 ICC विमेंस T20 वर्ल्ड कप कैंपेन के दौरान प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था।

टीम के लिए सम्मान की बात: बेथ मूनी

इस नई भूमिका पर मूनी ने कहा, "WBBL 12 में पर्थ स्कॉर्चर्स को लीड करने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। पर्थ और स्कॉर्चर्स मेरे लिए दूसरा घर बन गए हैं।" उन्होंने आगे कहा, "हमने मैदान पर और मैदान के बाहर एक मजबूत कल्चर बनाया है और हमें स्टेट का प्रतिनिधित्व करने पर बहुत गर्व है। सोफी ने पिछले छह सालों में बहुत अच्छा काम किया है। मैं पूरे सीजन में उनसे सीखूंगी।"

सोफी डिवाइन कप्तान पद से हटने के बावजूद न्यूजीलैंड की यह ऑल-राउंडर टीम का हिस्सा बनी रहेंगी। उनकी कप्तानी में ही स्कॉर्चर्स ने अपना पहला WBBL खिताब जीता था।

कोच ने भी किया फैसले का समर्थन

हेड कोच बेकी ग्रंडी ने मूनी को कप्तान बनाने के फैसले का पूरा समर्थन किया है। उन्होंने कहा, "बेथ एक असाधारण लीडर हैं जिनके काम हमेशा उनके आस-पास के लोगों के लिए बेंचमार्क सेट करते हैं। खेल के सबसे ऊंचे लेवल पर उनका अनुभव, उनकी प्रतियोगी भावना, पेशेवर रवैया उन्हें इस ग्रुप को लीड करने के लिए सबसे सही इंसान बनाती है।" ग्रंडी ने डिवाइन के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें टीम की पहली चैंपियन कप्तान बताया।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →