एशियन पैरा गेम्स: सिमरन ने तोड़ा गेम्स रिकॉर्ड, 200 मीटर रेस में भारत को दिलाया सोना
जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में मंगलवार का दिन भारतीय पैरा-एथलीटों के लिए शानदार रहा। पैरालंपिक पदक विजेता सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 कैटेगरी में न सिर्फ गोल्ड मेडल…
जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में मंगलवार का दिन भारतीय पैरा-एथलीटों के लिए शानदार रहा। पैरालंपिक पदक विजेता सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 कैटेगरी में न सिर्फ गोल्ड मेडल जीता, बल्कि 24.80 सेकंड के समय के साथ गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इसी स्पर्धा में भारत की तेजलबेन दामोर ने कांस्य पदक जीतकर देश की खुशी दोगुनी कर दी।
नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में सिमरन ने ईरान की हज्जर सफारजादेह को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 25.02 सेकंड का समय लिया। सिमरन, जो पेरिस पैरालंपिक 2024 में टी12 कैटेगरी की कांस्य पदक विजेता और 100 मीटर में विश्व चैंपियन भी हैं, ने अपने हांगझोऊ 2022 के प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार किया। पिछले संस्करण में उन्होंने 26.12 सेकंड के साथ रजत पदक जीता था, लेकिन इस बार उन्होंने अपने समय में 1.32 सेकंड का सुधार करते हुए सोना अपने नाम किया।
प्रीति को रजत, तेजलबेन का कांस्य
वहीं, गुजरात की दृष्टिबाधित पैरा-एथलीट तेजलबेन दामोर ने भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 25.23 सेकंड का समय निकाला और तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। एक अन्य मुकाबले में, महिलाओं की 200 मीटर टी35 स्पर्धा में भारत की प्रीति पाल ने 29.53 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। इस इवेंट का स्वर्ण पदक चीन की जिया झोउ (28.03 सेकंड) के नाम रहा।
गोल्ड से चूकने पर प्रीति निराश
पेरिस पैरालंपिक में दो कांस्य पदक जीत चुकीं प्रीति पाल इस सिल्वर मेडल से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखीं। उन्होंने कहा, "मुझे अच्छा नहीं लग रहा है। मुझे लगा था कि मैं गोल्ड जीतूंगी। मैं 150 मीटर तक चीनी एथलीट से आगे थी, लेकिन अंत में मेरी गति कम हो गई।" उन्होंने अपनी तबीयत ठीक न होने का भी जिक्र किया और कहा कि आखिरी 30 मीटर में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। प्रीति ने उम्मीद जताते हुए कहा, "शायद गोल्ड मेडल पैरालंपिक के लिए लिखा है; उम्मीद करते हैं कि ऐसा ही हो।" अब उनका ध्यान बुधवार को होने वाली 100 मीटर स्प्रिंट पर है।
इनपुट: IANS


