Women's Asia Cup 2026: चामरी अट्टापट्टू के तूफ़ान में उड़ा UAE, श्रीलंका ने 9 विकेट से दर्ज की बड़ी जीत
कप्तान चामरी अट्टापट्टू की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने महिला एशिया कप 2026 में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है। शनिवार को दुबई में खेले गए ग्रुप-बी के…
कप्तान चामरी अट्टापट्टू की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने महिला एशिया कप 2026 में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है। शनिवार को दुबई में खेले गए ग्रुप-बी के एकतरफा मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका ने जीत के लिए मिले 80 रनों के मामूली लक्ष्य को 8 ओवर से भी कम में हासिल कर लिया।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। UAE की टीम शुरू से ही दबाव में आ गई और लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 19.5 ओवरों में महज 79 रनों पर ढेर हो गई। कप्तान ईशा ओझा ने सबसे ज्यादा 18 रन बनाए, जबकि समायरा धरनिधारका ने 17 और रिनिथा रजित ने 15 रनों का योगदान दिया।
गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी का मोर्चा मिताली अयोध्या और चेतना विमुक्ति ने संभाला। दोनों ने UAE की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। मिताली ने 3.5 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि चेतना ने 4 ओवर में 16 रन खर्च कर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके इस प्रदर्शन के लिए चेतना को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। सुगंधिका कुमारी ने भी 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ निभाया।
अट्टापट्टू की आतिशी बल्लेबाजी
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने तूफानी शुरुआत दी। उन्होंने इमेशा दुलानी के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन जोड़ दिए। इमेशा 18 गेंदों पर 25 रन बनाकर रन आउट हुईं, जो UAE को मिली एकमात्र सफलता थी।
इसके बाद भी अट्टापट्टू ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और संजना काविंदी (नाबाद 5) के साथ मिलकर टीम को 7.5 ओवरों में ही जीत दिला दी। कप्तान अट्टापट्टू सिर्फ 25 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर नाबाद रहीं। UAE का कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं हो सका।
इनपुट: IANS


