DPPL 2026: प्रज्ञा और सिमरन के तूफ़ानी अर्धशतक, ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दर्ज की पहली जीत
विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने आखिरकार अपना जीत का खाता खोल लिया है। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले में प्रज्ञा रावत और सिमरन बहादुर की शानदार शतकीय…
विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने आखिरकार अपना जीत का खाता खोल लिया है। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले में प्रज्ञा रावत और सिमरन बहादुर की शानदार शतकीय साझेदारी की बदौलत राइडर्स ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 19 रनों से मात दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस जीत के साथ राइडर्स अब पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुँच गई है, जबकि लगातार दूसरी हार के बाद क्वींस चौथे पायदान पर खिसक गई है।
प्रज्ञा-सिमरन की 118 रनों की अटूट साझेदारी
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 174 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और आर्ना डुडेजा (6) सिर्फ 12 रन के स्कोर पर आउट हो गईं। इसके बाद प्रज्ञा रावत ने पहले वंशिका लीला (30) के साथ 44 रनों की साझेदारी की। वंशिका के आउट होने के बाद प्रज्ञा और सिमरन बहादुर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए महज़ 73 गेंदों पर 118 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुँचाया। सिमरन बहादुर 36 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि प्रज्ञा रावत ने 55 गेंदों पर 8 चौकों के साथ 70 रनों की नाबाद पारी खेली। क्वींस की ओर से सुमिति सोनी और मेधावी बिधूड़ी को एक-एक सफलता मिली।
दीक्षा शर्मा का संघर्ष गया बेकार
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम 7 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। क्वींस को दीक्षा शर्मा और साची ने 59 रनों की अच्छी शुरुआत दी। साची 17 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन दीक्षा ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने आरुषि गोयल के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। दीक्षा ने 51 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 86 रनों की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि, 123 के स्कोर पर उनके आउट होते ही क्वींस की पारी लड़खड़ा गई। आलम यह रहा कि शीर्ष चार बल्लेबाजों के अलावा कोई भी दहाई का आँकड़ा नहीं छू सका।
पूर्वा सिवाच की घातक गेंदबाज़ी
राइडर्स की जीत में गेंदबाज़ों का भी अहम योगदान रहा। पूर्वा सिवाच ने सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके और क्वींस के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया। उनके अलावा भारती रावल ने 2 और सिमरन बहादुर ने 1 विकेट हासिल किया।
इनपुट: IANS


