बाबर आज़म के खराब फॉर्म पर भड़के मोहम्मद यूसुफ़, बोले- 'ये कोच खेल के लिए ज़हर हैं'
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आज़म लंबे समय से अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं, और उनके बार-बार एक ही तरह से आउट होने पर अब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ़ ने कोचिंग स्टाफ पर तीखा हमला बोला है। यूसुफ़ का मानना…
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आज़म लंबे समय से अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं, और उनके बार-बार एक ही तरह से आउट होने पर अब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ़ ने कोचिंग स्टाफ पर तीखा हमला बोला है। यूसुफ़ का मानना है कि बाबर की कमज़ोरी को बहुत पहले ही ठीक किया जा सकता था, लेकिन तथाकथित कोचों ने ऐसा होने नहीं दिया।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूसुफ़ ने इन कोचों को 'खेल के लिए ज़हर' तक कह डाला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर बाबर का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "कुछ साल पहले मैंने इस बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन दुर्भाग्य से बाबर आजम और अन्य खिलाड़ियों के आस-पास मौजूद कुछ तथाकथित कोचों ने उन्हें उन मुद्दों पर काम नहीं करने दिया जिन्हें आसानी से सुलझाया जा सकता था।"
बाबर की तकनीक और कोचों की भूमिका
बाबर आज़म ने दिसंबर 2022 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में कोई शतक नहीं लगाया है। हालांकि वह कई बार शतक के करीब पहुँचे, लेकिन सफल नहीं हो सके। इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भी वह अपनी पुरानी कमज़ोरी का शिकार बने, जिसके बाद कमेंट्री के दौरान नासिर हुसैन ने उनके आउट होने के पैटर्न का विश्लेषण भी किया। इसी विश्लेषण पर प्रतिक्रिया देते हुए यूसुफ़ ने कहा कि कोचों में दूरदर्शिता की कमी है और वे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी गुमराह करते हैं।
'करियर समय से पहले ख़त्म हो जाएँगे'
यूसुफ़ ने अपनी आलोचना जारी रखते हुए आगे लिखा, "अगर हमारे क्रिकेटर यह नहीं सीखेंगे कि किसकी बात माननी है, तो उनके करियर समय से बहुत पहले ही खत्म हो जाएंगे।" उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जो तकनीकी ख़ामी सालों पहले ठीक हो सकती थी, वह अब एक बड़ी कमज़ोरी बन गई है। उन्होंने कहा, "उसी नाकामी ने पाकिस्तान क्रिकेट को आज के पतन की स्थिति में पहुंचा दिया है।"
बाबर का खराब फॉर्म पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन में भी झलक रहा है। टीम ने घर से बाहर खेले गए अपने पिछले 10 टेस्ट मैचों में से 9 गँवाए हैं। उसे एकमात्र जीत वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ मिली थी।
इनपुट: IANS


