यूथ ओलंपिक 2026: बैडमिंटन में देव और तन्वी पर भारत की उम्मीदें, जानें कैसा है मुक़ाबलों का फ़ॉर्मेट
सेनेगल की राजधानी डकार में 1 से 5 नवंबर तक होने वाले यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 की बैडमिंटन स्पर्धा में भारत की ओर से युवा शटलर देव रूपारेलिया और तन्वी पात्री अपनी चुनौती पेश करेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों…
सेनेगल की राजधानी डकार में 1 से 5 नवंबर तक होने वाले यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 की बैडमिंटन स्पर्धा में भारत की ओर से युवा शटलर देव रूपारेलिया और तन्वी पात्री अपनी चुनौती पेश करेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में वरीयता मिली है और वे देश के लिए पदक जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुष एकल में दूसरी वरीयता प्राप्त देव रूपारेलिया को ग्रुप एच में रखा गया है। वहीं, महिला एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त तन्वी पात्री ग्रुप एफ का हिस्सा हैं। यह प्रतियोगिता दो चरणों में खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत ग्रुप स्टेज से होगी और फिर नॉकआउट मुक़ाबले होंगे।
कैसा है ग्रुप और नॉकआउट का गणित?
डकार यूथ ओलंपिक गेम्स की बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों एकल श्रेणियों में 32-32 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों को चार-चार के आठ समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप स्टेज के दौरान हर खिलाड़ी को अपने ग्रुप के अन्य तीन खिलाड़ियों से मैच खेलना होगा। प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष पर रहने वाला विजेता ही नॉकआउट चरण, यानी क्वार्टर फ़ाइनल में आगे बढ़ेगा। इसके बाद सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल मैच होंगे, जिसमें स्वर्ण और कांस्य पदकों का फ़ैसला 5 नवंबर को होगा।
किससे होगी भारतीय खिलाड़ियों की टक्कर?
अपने-अपने ग्रुप में देव और तन्वी का सामना मज़बूत प्रतिद्वंद्वियों से होगा। पुरुष एकल के ग्रुप एच में देव रूपारेलिया के साथ कनाडा के शौर्य गुल्लैया, चेक गणराज्य के पेट्र ब्रिजा और सेनेगल के शेख अहमदौ बाम्बा डायग्ने शामिल हैं। वहीं, महिला एकल के ग्रुप एफ में तन्वी पात्री का मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया की स्मृति अदेपु, मेक्सिको की सारा पेट्रीसिया डेलगाडो गोंजालेज और कोरिया की जांग यू जियोंग से होगा।
बॉक्सिंग में भी भारत की दावेदारी
यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 सिर्फ़ बैडमिंटन तक सीमित नहीं है। भारत ने बॉक्सिंग में भी दो कोटा हासिल किए हैं। हरियाणा की गुंजन महिलाओं की 48 किग्रा वर्ग में, जबकि मणिपुर के एल. अंबेडकर मैतेई पुरुषों की 50 किग्रा वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों मुक्केबाज़ों ने क्वालीफ़ाइंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर यह जगह पक्की की थी।
इनपुट: IANS


