युजवेंद्र चहल का रेड-बॉल क्रिकेट को अलविदा, टेस्ट खेलने का सपना रह गया अधूरा
टीम इंडिया के अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अब सफेद जर्सी में लाल गेंद से खेलते हुए नहीं दिखेंगे। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिससे भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने…
टीम इंडिया के अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अब सफेद जर्सी में लाल गेंद से खेलते हुए नहीं दिखेंगे। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिससे भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का उनका लंबा सपना अधूरा रह गया। 36 वर्षीय चहल ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चहल ने अपने पोस्ट में रेड-बॉल क्रिकेट को अपने सफर का आधार बताया। उन्होंने लिखा, "मैंने जो पहली क्रिकेट बॉल पकड़ी थी, वह रेड बॉल थी... यहीं पर मैंने सब्र, कैरेक्टर, मजबूती और हर रन और हर विकेट के लिए लड़ने की असली खुशी का मतलब सीखा।"
टेस्ट कैप का अधूरा सपना
चहल ने इस बात पर भावुकता जाहिर की कि उनका टेस्ट कैप पहनने का सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने लिखा, "यह कहना भावुक करने वाला है क्योंकि टेस्ट कैप हमेशा एक सपना था, जिसे मैंने कई सालों तक अपने साथ रखा। हो सकता है कि यह न हुआ हो, लेकिन मैं अपने सफर से सच में खुश हूं।" उन्होंने यह भी बताया कि उनका आखिरी प्रथम श्रेणी मैच प्रतिष्ठित लॉर्ड्स के मैदान पर था।
सफेद गेंद क्रिकेट में वापसी की उम्मीद
संन्यास के बावजूद चहल ने सीमित ओवरों के क्रिकेट से विदाई नहीं ली है। उन्होंने साफ किया कि वह वनडे और टी20 फॉर्मेट में भारत के लिए वापसी करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने लिखा, "मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं... अपने देश के लिए खेलने की भूख अभी भी जिंदा है। मुझे लगता है कि मुझमें अभी भी क्रिकेट बाकी है।"
चहल का प्रथम श्रेणी करियर
युजवेंद्र चहल ने 2009 में हरियाणा के लिए अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। लगभग 17 साल के इस सफर में उन्होंने 49 मैच खेले और 148 विकेट अपने नाम किए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने भारत के लिए 72 वनडे में 121 विकेट और 80 टी20 मैचों में 96 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।
इनपुट: IANS


