दिल्ली की 8 साल की 'योग-चैंपियन' वान्या शर्मा का कमाल, एशिया में 2 गोल्ड मेडल जीते
बैंकॉक में हुई एक अंतरराष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में दिल्ली की 8 वर्षीय वान्या शर्मा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। रोहिणी की रहने वालीं वान्या ने इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर भारत का…
बैंकॉक में हुई एक अंतरराष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में दिल्ली की 8 वर्षीय वान्या शर्मा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। रोहिणी की रहने वालीं वान्या ने इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने 'चैंपियन ऑफ चैंपियंस' की ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया।
यह चौथा यूवाईएसएफ एशिया पैसिफिक योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप था, जिसमें श्रीलंका, मलेशिया और बांग्लादेश समेत कुल 7 देशों के करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वान्या ने 6 से 8 साल के आयु वर्ग में भाग लिया और अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस जीत के बाद उन्होंने इसी साल दिसंबर में होने वाले यूवाईएसएफ वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
छोटी उम्र, बड़ी उपलब्धियाँ
वान्या ने 'आईएएनएस' को बताया कि उन्होंने महज़ दो साल की उम्र से ही योग करना शुरू कर दिया था और अब तक वह 20 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। उनकी इस सफलता के पीछे हर दिन दो घंटे का कड़ा अभ्यास है, जो वह शाम 4 से 6 बजे के बीच करती हैं।
पिता ही हैं कोच
वान्या के पिता और कोच हेमंत शर्मा ने अपनी बेटी के प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए कहा कि 'चैंपियन ऑफ चैंपियंस' मुकाबले में वान्या ने अपने से बड़ी उम्र के खिलाड़ियों को मात देकर ट्रॉफी जीती। उन्होंने कहा कि योगासन में वॉर्मअप उतना ही ज़रूरी है, जितना कि आसन। हेमंत शर्मा ने उम्मीद जताई कि भविष्य में जब भी योग को ओलंपिक खेलों में शामिल किया जाएगा, तो उनकी बेटी वान्या भारतीय टीम का हिस्सा ज़रूर बनेंगी।
इनपुट: IANS


