गैस सिलेंडर डिलीवरी से लेकर T20 के स्टार बनने तक: रिंकू सिंह का संघर्ष और सफलता की कहानी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह आज भारतीय क्रिकेट का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 12 अक्टूबर 1997 को जन्मे रिंकू का बचपन…
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह आज भारतीय क्रिकेट का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 12 अक्टूबर 1997 को जन्मे रिंकू का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। उनके पिता घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम करते थे, और पाँच भाइयों वाले परिवार का गुज़ारा मुश्किल से होता था। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को बनाए रखने के लिए रिंकू ने कई मुश्किलों का सामना किया।
एक समय ऐसा भी आया जब परिवार की आर्थिक हालत इतनी खराब हो गई कि उनके भाई उन्हें काम दिलाने के लिए एक कोचिंग सेंटर ले गए। वहाँ उन्हें पोछा लगाने की नौकरी मिल रही थी, लेकिन रिंकू ने इसे ठुकरा दिया। उन्हें डर था कि नौकरी करने से उनका क्रिकेट खेलने का सपना हमेशा के लिए छूट जाएगा, इसलिए उन्होंने संघर्ष जारी रखने का फैसला किया।
क्रिकेट का जुनून और शुरुआती संघर्ष
रिंकू को बचपन से ही क्रिकेट का इतना शौक था कि वह स्कूल के समय भी खेलने निकल जाते थे। उनके पिता चाहते थे कि वह पढ़ाई पर ध्यान दें और क्रिकेट में समय बर्बाद न करें, जिसके चलते कभी-कभी उनकी पिटाई भी हो जाती थी। हालांकि, उनके भाइयों ने हमेशा उनका साथ दिया। गेंद खरीदने तक के पैसे न होने पर कुछ लोगों ने उनकी मदद भी की। अंडर-16 टीम में जगह बनाने की शुरुआती दो कोशिशों में नाकाम रहने के बाद, मोहम्मद जीशान और मसूद अमीन के मार्गदर्शन ने उनके करियर को सही दिशा दी।
IPL ने बदली ज़िंदगी
रिंकू सिंह की किस्मत तब पलटी जब उन्हें IPL में मौका मिला। 2017 में पंजाब किंग्स ने उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। असली बदलाव 2018 में आया, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन पर 80 लाख रुपये का दांव लगाया। इन पैसों से उनके परिवार की आर्थिक मुश्किलें दूर हो गईं। 2023 के IPL सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार पाँच छक्के लगाकर KKR को दिलाई गई ऐतिहासिक जीत ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। उस सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 59.25 की औसत से 474 रन बनाए थे।
अंतरराष्ट्रीय करियर और आँकड़े
IPL में शानदार प्रदर्शन के दम पर रिंकू ने भारतीय टीम में भी अपनी जगह बनाई। उन्होंने T20I में डेब्यू किया और दिसंबर 2023 में अपना पहला वनडे मैच भी खेला। अब तक खेले 48 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 36.94 की औसत से 3 अर्धशतकों सहित 702 रन बनाए हैं। वहीं, 2 वनडे मैचों में उनके नाम 55 रन हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह 3,757 रन और लिस्ट-ए में 2,418 रन बना चुके हैं, जबकि 73 IPL मैचों में उनके बल्ले से 1,394 रन निकले हैं।
इनपुट: IANS


