मैच फिक्सिंग की कोशिश: अमेरिकी क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर 8 साल का प्रतिबंध, ICC का बड़ा फैसला
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के क्रिकेटर बोडुगम अखिलेश रेड्डी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते 8 साल का लंबा प्रतिबंध लगा दिया है। समाचार एजेंसी IANS के…
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के क्रिकेटर बोडुगम अखिलेश रेड्डी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते 8 साल का लंबा प्रतिबंध लगा दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने उन्हें ICC की भ्रष्टाचार-रोधी संहिता के तीन नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है। 26 वर्षीय रेड्डी पर यह प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा, जिस दिन उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था।
यह मामला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित अबू धाबी टी10 टूर्नामेंट के 2025 संस्करण से जुड़ा है। ICC, जिसे इस लीग के लिए एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) द्वारा 'डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल' (DACO) नियुक्त किया गया था, ने इस मामले की गहन जांच की।
मैच फिक्सिंग की कोशिश और सबूत मिटाने का आरोप
ट्रिब्यूनल के सामने आए सबूतों के मुताबिक, रेड्डी पर 19 नवंबर 2025 की सुबह अपनी टीम एस्पिन स्टैलियंस के पहले मैच से ठीक पहले एक साथी खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाने का आरोप था। उन्होंने टीम के एक सदस्य (जिसे 'प्लेयर ए' कहा गया) से संपर्क किया और टीम मैनेजमेंट के कहने पर गेंदबाजी करते समय अतिरिक्त रन देने के लिए कहा था।
जब उस खिलाड़ी ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और ICC की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) को इसकी सूचना दी, तो उसे मैच की प्लेइंग इलेवन से हटा दिया गया। इसके अलावा, रेड्डी ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने 'प्लेयर ए' के साथ हुई व्हाट्सएप बातचीत और कॉल लॉग को डिलीट कर दिया था। हालांकि, उन्होंने इसे सामान्य 'डेटा हाइजीन' बताया, लेकिन ट्रिब्यूनल ने उनकी इस दलील को खारिज कर दिया और माना कि उन्होंने जांच में बाधा डालने के इरादे से सबूत मिटाए थे।
किन नियमों का हुआ उल्लंघन?
आईसीसी के बयान के मुताबिक, रेड्डी को तीन मुख्य नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया:
- आर्टिकल 2.1.1: मैच के नतीजे या किसी अन्य पहलू को गलत तरीके से प्रभावित करने या फिक्स करने के किसी भी प्रयास में शामिल होना।
- आर्टिकल 2.1.4: किसी अन्य खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाना, लालच देना या जानबूझकर मदद करना।
- आर्टिकल 2.4.7: जांच में बाधा डालना और भ्रष्टाचार से जुड़े सबूतों को नष्ट करना, जैसे कि मोबाइल से डेटा डिलीट करना।
यह फैसला माइकल जे. बेलॉफ केसी की अध्यक्षता वाली तीन-सदस्यीय ट्रिब्यूनल ने लंबी सुनवाई के बाद सुनाया। रेड्डी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में यूएसए के लिए चार टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक विकेट लिया है।
इनपुट: IANS


