2027 वर्ल्ड कप में रोहित और विराट की क्यों होगी अहम भूमिका? पूर्व क्रिकेटर रॉबिन सिंह ने बताया
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रॉबिन सिंह का मानना है कि 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबि…
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रॉबिन सिंह का मानना है कि 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों का अनुभव तो मायने रखता ही है, लेकिन उससे भी ज़्यादा ज़रूरी उनकी मौजूदा फॉर्म है, जो शानदार चल रही है।
समाचार एजेंसी IANS से खास बातचीत में रॉबिन सिंह ने इन दोनों पूर्व कप्तानों की फिटनेस की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "यह सब इस बारे में है कि आप वर्तमान में कैसे रहते हैं, फिट रहते हैं और अच्छा खेलते रहते हैं। मुझे लगता है कि वे ऐसा बहुत अच्छे से कर रहे हैं। इसलिए कोई शिकायत नहीं है। वे निश्चित रूप से भारतीय टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी होंगे।" हाल के वनडे मैचों में रोहित ने पिछली पांच पारियों में दो शतक और एक 92 रन की पारी खेली है, जबकि कोहली ने अपनी पिछली पांच पारियों में एक शतक और दो अर्धशतक (74 और 65) लगाए हैं।
टीम संयोजन पर गंभीर की रणनीति
भारत ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में कई खिलाड़ियों को मौका दिया था। इस पर रॉबिन सिंह ने कहा कि हेड कोच गौतम गंभीर वर्ल्ड कप के लिए एक खास फॉर्मूला और रणनीति के साथ काम कर रहे हैं। भारत के लिए 136 वनडे और एक टेस्ट मैच खेल चुके रॉबिन ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि गौतम और उनकी टीम के पास भी अपना फॉर्मूला होगा। मुझे यकीन है कि उनके पास वर्ल्ड कप के लिए एक प्लान है कि वे क्या करना चाहते हैं और उन्हें विश्व कप के लिए किस तरह के खिलाड़ी चाहिए।" उन्होंने कहा कि इसी रणनीति के तहत खिलाड़ियों को मौके दिए जा रहे हैं।
भुवनेश्वर-शमी की वापसी पर राय
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भुवनेश्वर कुमार की टी20 टीम में वापसी के बाद मोहम्मद शमी के साथ उनकी वर्ल्ड कप टीम में जगह को लेकर भी चर्चा हो रही है। इस पर रॉबिन सिंह ने कहा कि यह टीम मैनेजमेंट की योजनाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा, "अगर वे टीम की योजनाओं में शामिल हैं, तो उन्हें खेलना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि कोई हैरानी वाली बात होगी।" उन्होंने दोनों गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उम्र जो भी हो, वे बेहतरीन गेंदबाज हैं और वापसी के हकदार हैं।
इनपुट: IANS


