आर्चरी प्रीमियर लीग सीजन-2: दीपिका-अतानु से लेकर मेटे गाजोज तक, हैदराबाद में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज तीरंदाज
भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी, अतानु दास और ज्योति सुरेखा वेन्नम एक बार फिर एक्शन में दिखने को तैयार हैं। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी के ये बड़े नाम अक्टूबर में होने वाली आर्चरी प्रीमियर…
भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी, अतानु दास और ज्योति सुरेखा वेन्नम एक बार फिर एक्शन में दिखने को तैयार हैं। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी के ये बड़े नाम अक्टूबर में होने वाली आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सीजन में अपनी चमक बिखेरेंगे। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह प्रतिष्ठित लीग 8 से 18 अक्टूबर तक हैदराबाद के नेकलेस रोड स्थित पीपुल्स प्लाजा में आयोजित होगी।
इस बार लीग में भारत के शीर्ष 36 तीरंदाजों के साथ 10 अलग-अलग देशों के 12 अंतरराष्ट्रीय सितारे भी हिस्सा लेंगे। छह फ्रेंचाइजी टीमें – चेरो आर्चर्स ऑफ झारखंड, चोला चीफ्स ऑफ तमिलनाडु, काकातिया नाइट्स ऑफ तेलंगाना, माइटी मराठाज ऑफ महाराष्ट्र, पृथ्वीराज योद्धाज ऑफ दिल्ली और राजपूताना रॉयल्स ऑफ राजस्थान – खिताब के लिए जोर-आजमाइश करेंगी। पिछले सीजन में राजपूताना रॉयल्स ने खिताब अपने नाम किया था।
कौन-कौन से बड़े नाम होंगे शामिल?
चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी और विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अतानु दास, मौजूदा एशियाई चैंपियन धीरज बोम्मादेवरा के साथ भारतीय रिकर्व टीम की कमान संभालेंगे। वहीं, कंपाउंड टीम भी बेहद मजबूत है, जिसमें विश्व कप और एशियाई खेल चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम, अभिषेक वर्मा और पूर्व विश्व चैंपियन ओजस प्रवीण देवतले जैसे धुरंधर शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सूची भी उतनी ही प्रभावशाली है। इसमें तुर्की के टोक्यो 2020 ओलंपिक चैंपियन मेटे गाजोज, अमेरिका की पेरिस 2024 कांस्य पदक विजेता केसी कॉफहोल्ड, ब्राजील के विश्व नंबर 1 मार्कस डी'अल्मेडा और ग्रेट ब्रिटेन की विश्व नंबर 2 एला गिब्सन जैसे दिग्गज अपनी चुनौती पेश करेंगे।
युवा और अनुभव का संगम
इस महीने आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाली पूरी 12 सदस्यीय भारतीय टीम भी एपीएल का हिस्सा है, जो लीग की प्रतिस्पर्धा को और बढ़ाएगी। वर्ल्ड आर्चरी और राष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर चुनी गई 36 सदस्यीय भारतीय टीम में 21 पुराने खिलाड़ी और 15 नए चेहरे हैं, जो एपीएल में पदार्पण करेंगे। डेब्यू करने वालों में विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता रजत चौहान और विश्व कप स्टेज की स्वर्ण पदक विजेता रिद्धि का नाम प्रमुख है।
क्या है लीग का फॉर्मेट?
आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएआई) और तेलंगाना सरकार की इस पहल में पुरुष और महिला खिलाड़ियों की मिश्रित टीमें रिकर्व और कंपाउंड श्रेणियों में मुकाबला करेंगी। लीग की एक खास बात इसका 15-सेकंड का 'शॉट क्लॉक' है, जो ओलंपिक के 20 सेकंड के मानक समय से भी कम है। यह नियम खिलाड़ियों की तेजी, सटीकता और दबाव में संयम की परीक्षा लेगा। सभी मुकाबले शाम 7:30 बजे से 9:30 बजे के बीच खेले जाएंगे।
इनपुट: IANS


