वीरेंद्र सहवाग के बेटे में दिखी पिता की झलक, कोच बोले- 'आर्यवीर में भारत के लिए खेलने की क्षमता है'
मशहूर क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। दिल्ली की अंडर-19 पुरुष टीम के मुख्य कोच राजीव नैयर का मानना है कि आर्यवीर में भारत के लिए खेलने की…
मशहूर क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। दिल्ली की अंडर-19 पुरुष टीम के मुख्य कोच राजीव नैयर का मानना है कि आर्यवीर में भारत के लिए खेलने की पूरी क्षमता है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए उन्हें एक-एक कदम आगे बढ़ना होगा। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में नैयर ने आर्यवीर के खेल, उनके आक्रामक अंदाज और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से बात की।
हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफी में आर्यवीर ने दिल्ली की कप्तानी करते हुए चंडीगढ़ के खिलाफ 143 गेंदों पर 173 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस पारी में 19 चौके और 8 छक्के शामिल थे। नैयर ने बताया कि इस बड़ी पारी से पहले उन्होंने आर्यवीर से बात की थी, क्योंकि वह 40-50 रन बनाने के बाद अपना विकेट खो रहे थे।
कोच की सलाह और द्रविड़ के बेटे का उदाहरण
राजीव नैयर ने आर्यवीर को प्रेरित करने के लिए राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का उदाहरण दिया। उन्होंने आर्यवीर से कहा, "तुम्हें डीडीसीए में दूसरे लड़कों के खिलाफ खेलने की चिंता करने की जरूरत नहीं है... देखो कि कौन रन बना रहा है। राहुल द्रविड़ का बेटा है, जिसने हमारे खिलाफ 158 और 85-90 रन बनाए। तुम्हारा कॉम्पिटिशन है।" कोच ने उन्हें समझाया कि अगर वह 50 ओवर तक बल्लेबाजी करेंगे तो 200 रन भी बना सकते हैं।
पिता वीरेंद्र सहवाग जैसी आक्रामकता
नैयर ने आर्यवीर की बल्लेबाजी शैली की तुलना उनके पिता वीरेंद्र सहवाग से की। उन्होंने कहा, "आर्यवीर एक आक्रामक बल्लेबाज हैं। वह शॉट लगाते हैं। मैं उनका कॉन्फिडेंस देखकर हैरान रह गया।" कोच के मुताबिक, आर्यवीर तेज गेंदबाजों के खिलाफ फील्डर्स के ऊपर से गेंद मारने से नहीं डरते और कुछ शॉट तो वह बिल्कुल अपने पिता की तरह ही लगाते हैं। नैयर ने कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि वह अपने पिता की तरह बैटिंग करता है, लेकिन वह वैसा ही है।"
सीनियर टीम तक का सफर
आर्यवीर के भविष्य पर नैयर ने कहा कि अभी राष्ट्रीय टीम की बात करना जल्दबाजी होगी, लेकिन उनमें काबिलियत है। उन्होंने कहा, "उसे एक बार में एक कदम आगे बढ़ाना होगा। वह अभी भी अंडर-19 टीम में है। शायद वह अंडर-23 में और फिर रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में खेलेगा। फिर वह इंडिया ए के लिए खेलेगा और आखिर में वह रास्ता इंडिया के लिए खेलने की ओर ले जाएगा।" कोच ने यह भी उम्मीद जताई कि आर्यवीर को एशिया कप के लिए इंडिया अंडर-19 टीम में चुना जाएगा और उन्होंने खुद पाकिस्तान के खिलाफ शतक बनाने का संकल्प लिया है।
इनपुट: IANS


