एशियन गेम्स 2026: भारत की कबड्डी टीम का दबदबा कायम, चीनी ताइपे को दी करारी शिकस्त
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए चीनी ताइपे पर एक और शानदार जीत दर्ज की है। पहले ही सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर चुकी टीम इंडिया ने चीनी ताइपे…
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए चीनी ताइपे पर एक और शानदार जीत दर्ज की है। पहले ही सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर चुकी टीम इंडिया ने चीनी ताइपे को 37-21 के बड़े अंतर से मात दी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, कप्तान सुनील कुमार के नेतृत्व में भारतीय टीम ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
मैच के पहले हाफ में भारतीय रेडर्स पूरी तरह से चीनी ताइपे के डिफेंस पर हावी रहे। आक्रामक खेल का नतीजा यह रहा कि भारत ने पहले हाफ में ही 23-11 की विशाल बढ़त बना ली थी, जिससे प्रतिद्वंद्वी टीम दबाव में आ गई। इस दौरान भारतीय डिफेंस भी काफी मजबूत नजर आया और चीनी ताइपे के रेडर्स को अंक बटोरने के ज्यादा मौके नहीं दिए।
टूर्नामेंट में भारत का अब तक का सफर
हालांकि दूसरे हाफ में चीनी ताइपे ने थोड़ा बेहतर खेल दिखाया, लेकिन वे भारत की बढ़त को कम नहीं कर सके। दूसरे हाफ में भारत ने 14 अंक जुटाए, जबकि चीनी ताइपे की टीम 10 अंक ही हासिल कर पाई। इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का दबदबा कायम है। इससे पहले टीम ने जापान को हराकर अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की थी। इसके बाद दक्षिण कोरिया को 63-31 से और बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
एशियन गेम्स के इतिहास में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। टीम ने अब तक 9 बार हिस्सा लिया है, जिसमें से 8 बार स्वर्ण पदक जीता है। 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में ही टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला थाईलैंड से होगा।
इनपुट: IANS


