रविवार, 1 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

एशियन गेम्स 2026: भारतीय हॉकी टीम का विजय रथ जारी, साउथ कोरिया को 8-2 से दी करारी शिकस्त

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। गुरुवार को नागोया में खेले गए एकतरफा मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को 8-2 के विशाल अंतर…

एशियन गेम्स 2026: भारतीय हॉकी टीम का विजय रथ जारी, साउथ कोरिया को 8-2 से दी करारी शिकस्त
(फोटो: IANS)

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। गुरुवार को नागोया में खेले गए एकतरफा मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को 8-2 के विशाल अंतर से रौंद दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के साथ टूर्नामेंट में भारत का अजेय अभियान जारी है।

भारत ने इससे पहले अपने शुरुआती दो मैचों में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया था। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया पर 13-1 की बड़ी जीत से की थी, जिसके बाद श्रीलंका को 16-1 से हराया था।

शुरुआत से ही भारत का दबदबा

मैच के पहले क्वार्टर में ही भारतीय खिलाड़ियों ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। खेल के चौथे मिनट में शिलानंद लकरा ने गोल कर भारत का खाता खोला। इसके तुरंत बाद, 10वें मिनट में सुखजीत सिंह ने बढ़त को दोगुना कर दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी 11वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। पहले क्वार्टर के अंत से ठीक पहले अभिषेक ने एक और गोल दागकर भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

गोलों की बारिश जारी रही

दूसरे क्वार्टर में साउथ कोरियाई डिफेंस ने कुछ देर तक भारतीय आक्रमण को रोके रखा, लेकिन 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने भारत के लिए पाँचवाँ गोल कर ही दिया। दिलप्रीत यहीं नहीं रुके और 32वें मिनट में अपना दूसरा गोल करते हुए टीम की बढ़त 6-0 कर दी। इसके बाद 38वें मिनट में अभिषेक ने भी मैच का अपना दूसरा और भारत का सातवाँ गोल किया।

खेल के आखिरी चरण में साउथ कोरिया ने वापसी की कुछ कोशिश की। उनकी तरफ से किम जेहो ने 42वें और किम योंग बोक ने 52वें मिनट में गोल किए। हालांकि, यह नाकाफी साबित हुआ। अंत में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवाँ गोल दागकर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित कर दी। भारतीय टीम का अगला मुकाबला अब शनिवार, 26 सितंबर को जापान से होगा।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →