एशियन गेम्स शूटिंग: भारत की 50 मीटर राइफल 3P टीम ने जीता सिल्वर, ऐश्वर्य और नीरज व्यक्तिगत फाइनल में
एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष पाटिल की तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में देश के लिए सिल्वर…
एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष पाटिल की तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार को ऐची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया।
भारतीय टीम ने फाइनल में कुल 1762-94x का स्कोर हासिल कर दूसरा स्थान पक्का किया। इस इवेंट का स्वर्ण पदक चीन (1766-95x) के नाम रहा, जबकि दक्षिण कोरिया (1751-87x) ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारतीय चुनौती
टीम इवेंट में सफलता के साथ ही व्यक्तिगत फाइनल में भी भारत की उम्मीदें कायम हैं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत फाइनल इवेंट के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। क्वालिफिकेशन राउंड में ऐश्वर्य 589-34x के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि नीरज ने 588-34x के स्कोर के साथ चौथा स्थान हासिल किया। टीम के तीसरे सदस्य रुद्राक्ष पाटिल 585-26x के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे।
राइफल और पिस्टल में मिला-जुला प्रदर्शन
यह मेडल भारतीय शूटिंग टीम के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया, खासकर तब जब 10 मीटर एयर पिस्टल के पुरुष और महिला इवेंट्स में टीम पदक से चूक गई थी। हालाँकि, राइफल इवेंट्स में टीम का प्रदर्शन दमदार रहा है। इससे पहले, सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में एशियन रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया था। फाइनल में इस जोड़ी ने 484.6 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया था।
इनपुट: IANS


