एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन, जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। शुक्रवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस…
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। शुक्रवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस दमदार जीत के साथ ही टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया, जिसे भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित कर दिखाया।
गेंदबाजों का दबदबा, जापान 57 पर ढेर
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सलामी बल्लेबाज हारुना इवासाकी (10 रन) और अयाका काटो स्टेफॉर्ड (25 रन) के अलावा कोई भी जापानी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। भारत की ओर से श्री चरणी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 4 विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
शेफाली की तूफानी पारी से आसान जीत
58 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने विस्फोटक शुरुआत की। ओपनर शेफाली वर्मा ने मात्र 15 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रनों की धुआंधार पारी खेली। भारत ने जी कामालिनी (0) और भारती फूलमाली (6) के विकेट जरूर गंवाए, लेकिन महज 5 ओवर में ही 2 विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। ऋचा घोष 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगी भिड़ंत
इस जीत के बाद अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला 20 सितंबर को बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश की टीम चीन के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द होने के बाद बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर अंतिम चार में पहुंची है। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में दुबई में हुए एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भी भारत ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और फिर श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।
इनपुट: IANS


