एशियन गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा जारी, कपिल पोखरिया ने दिलाया छठा मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है, जहाँ कपिल पोखरिया ने पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में देश के लिए बॉक्सिंग का छठा मेडल पक्का कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के…
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है, जहाँ कपिल पोखरिया ने पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में देश के लिए बॉक्सिंग का छठा मेडल पक्का कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, सोमवार को हुए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में कपिल ने दक्षिण कोरिया के किम गिचे पर एकतरफा जीत दर्ज की।
निशियो जिम्नेजियम में हुए इस मुकाबले में कपिल पूरी तरह हावी रहे और उन्होंने 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से जीत हासिल की। सभी पाँच जजों ने उन्हें विजेता माना, जिनमें से चार ने 30-27 और एक ने 30-26 का स्कोर दिया। अब सेमीफाइनल में उनका सामना 2025 के वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड मेडलिस्ट तुराबेक खबीबुल्लाएव से होगा।
मैच में कपिल का दमदार प्रदर्शन
शुरुआत से ही भारतीय बॉक्सर ने अपने सटीक और जोरदार पंचों से दबदबा बना लिया और पहला राउंड 5-0 से अपने नाम किया। दूसरे राउंड में भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी और किम के खिलाफ 'स्टैंडिंग काउंट' की स्थिति पैदा कर दी, जिससे यह राउंड भी 5-0 से उनके पक्ष में गया। तीसरे और अंतिम राउंड में कपिल ने रणनीतिक खेल दिखाते हुए जीत सुनिश्चित की।
सोमवार को भारतीय मुक्केबाजों का 'जीत का हैट्रिक'
यह दिन भारतीय बॉक्सिंग के लिए बेहद सफल रहा, क्योंकि रिंग में उतरे तीनों भारतीय मुक्केबाजों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। कपिल के अलावा, प्रिया घांघस (महिला 60 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (महिला 75 किग्रा) ने भी अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मैच 5-0 से जीतकर मेडल पक्के कर लिए।
इससे पहले रविवार को अंकुश पंघाल (पुरुष 80 किग्रा), परवीन हुड्डा (महिला 65 किग्रा) और नरेंद्र (पुरुष 90+ किग्रा) ने अपने मुकाबले जीतकर भारत के लिए मेडल सुनिश्चित किए थे। इस तरह अब तक कुल छह भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुँच चुके हैं।
इनपुट: IANS


