एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वालीं इशिका चौधरी का ग्वालियर में भव्य स्वागत, अब लॉस एंजिल्स ओलंपिक पर नज़र
एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वालीं इशिका चौधरी जब अपने गृहनगर ग्वालियर लौटीं, तो उनका ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया…
एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वालीं इशिका चौधरी जब अपने गृहनगर ग्वालियर लौटीं, तो उनका ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उन्हें बधाई देने के लिए अकादमी के बच्चे, रिश्तेदार और खेल विभाग के अधिकारी मौजूद थे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ऐतिहासिक जीत के बाद इशिका का अगला लक्ष्य 2028 में होने वाला लॉस एंजिल्स ओलंपिक है।
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इशिका चौधरी ने कहा, "हमें गोल्ड मेडल जीतने पर बेहद खुशी है। इतिहास का हिस्सा बनना और उसके लिए मेहनत करना... इससे बहुत खुशी हो रही है।" उन्होंने आगे कहा कि स्वर्ण पदक से भी बड़ी खुशी एलए ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने की है, क्योंकि अब टीम के पास तैयारी के लिए पर्याप्त समय है।
संघर्ष और परिवार का साथ
इशिका ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्हें कई चोटों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, "इंजरी होती रहती हैं। मैंने कभी दांत तुड़वाए, तो कभी हाथ तुड़वाए... लेकिन मुझे सपोर्ट और प्रेरणा मिलती रही है।" उन्होंने अपने परिवार के अटूट समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें खेलने से कभी नहीं रोका गया, जो उनके सपने को पूरा करने में मददगार साबित हुआ।
ग्वालियर: हॉकी का गढ़
इशिका के कोच ने इस जीत को न सिर्फ ग्वालियर, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा कि 26 साल के कोचिंग करियर में यह उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। कोच के अनुसार, ग्वालियर में हॉकी का भविष्य बहुत उज्ज्वल है, जिसका श्रेय यहाँ मौजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ मैदान और सिंधिया परिवार के सहयोग को जाता है। इशिका ने भी शहर की वर्ल्ड क्लास अकादमी की तारीफ करते हुए कहा कि यह युवा खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन सेटअप है।
इशिका के माता-पिता ने भी अपनी बेटी की सफलता पर गर्व जताया। उनके पिता ने बताया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी उन्हें बधाई दी है, और पूरे शहर ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
इनपुट: IANS


