एशियन गेम्स में 44 साल बाद हॉकी गोल्ड, मणिपुर की हीरो सुशीला और बिचू का घर वापसी पर भव्य स्वागत
एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत के चार दशक लंबे इंतजार को खत्म करने में अहम भूमिका निभाने वालीं मणिपुर की दो स्टार खिलाड़ी, पुखरामबम सुशीला चानू और बिचू देवी खारीबम, जब अपने घर…
एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत के चार दशक लंबे इंतजार को खत्म करने में अहम भूमिका निभाने वालीं मणिपुर की दो स्टार खिलाड़ी, पुखरामबम सुशीला चानू और बिचू देवी खारीबम, जब अपने घर लौटीं तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों खिलाड़ियों ने चीन के खिलाफ फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण पदक जिताया था।
इस जीत के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए भी सीधे अपनी जगह पक्की कर ली है। घर वापसी पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए सुशीला चानू ने कहा, "हमने 44 वर्षों के बाद यह गोल्ड मेडल जीता है।" उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और अपने परिवार को दिया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, "मैं सभी बच्चों से कहना चाहूंगी कि जिंदगी में कभी हार मत मानना।"
भावुक हुईं खिलाड़ी, ओलंपिक पर नजर
गोलकीपर बिचू देवी ने भी अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा, "मेडल जीतने पर बहुत ज्यादा खुशी है। इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, गांव और देशवासियों को देना चाहूंगी।" उन्होंने फाइनल की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि ओलंपिक पदक विजेता चीन को हराना आसान नहीं था और इसके लिए टीम ने बहुत मेहनत की थी। उन्होंने आगे कहा, "हमारा मुख्य फोकस ओलंपिक पर होगा।"
टूर्नामेंट में भारत का दबदबा
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन शुरू से ही दमदार रहा। टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से रौंदा। इसके बाद सिंगापुर पर 7-0 से जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराने के बाद, भारत ने फाइनल में चीन को 1-0 से मात दी। यह निर्णायक गोल मैच के 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने किया था।
इनपुट: IANS


