एशियन गेम्स तीरंदाजी: फाइनल में दक्षिण कोरिया से चूकी भारतीय पुरुष रिकर्व टीम, सिल्वर मेडल से किया संतोष
एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम का गोल्ड मेडल जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। शुक्रवार को हुए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को नौ बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया के हाथों 1-5…
एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम का गोल्ड मेडल जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। शुक्रवार को हुए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को नौ बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया के हाथों 1-5 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद टीम को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह लगातार दूसरा मौका है जब भारतीय टीम को एशियाई खेलों के फाइनल में दक्षिण कोरिया ने हराया है।
ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क में हुए इस खिताबी मुकाबले में नीरज चौहान, यशदीप भोगे और धीरज बोम्मादेवरा की भारतीय तिकड़ी ने दमदार शुरुआत की। पहले सेट में दोनों टीमों ने 56-56 का स्कोर किया, जिससे मुकाबला 1-1 की बराबरी पर आ गया। लेकिन इसके बाद दक्षिण कोरियाई टीम ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया।
दूसरे सेट में पिछड़े भारतीय तीरंदाज
किम जे देओक, किम वूजिन और ली वूसोक की अनुभवी कोरियाई तिकड़ी ने दूसरे सेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इसे 57-40 के बड़े अंतर से जीत लिया। इस सेट में भारतीय तीरंदाजों की कुछ गलतियों ने उन्हें पीछे धकेल दिया। 3-1 की बढ़त लेने के बाद कोरियाई टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा।
आखिरी सेट में भी नहीं मिली कामयाबी
तीसरे और निर्णायक सेट में भी भारतीय टीम वापसी नहीं कर सकी। कोरिया ने यह सेट 56-54 के करीबी अंतर से जीतकर मैच 5-1 से अपने नाम कर लिया। आखिरी सेट में कोरियाई खिलाड़ियों ने एक भी निशाना नौ से कम का नहीं लगाया, जबकि भारतीय टीम की ओर से एक सात का शॉट लगा, जो महंगा साबित हुआ। गौरतलब है कि हांगझोऊ 2023 के फाइनल में भी भारत को दक्षिण कोरिया से ही हार मिली थी और उस रजत पदक विजेता टीम में भी धीरज बोम्मादेवरा शामिल थे।
इनपुट: IANS


