एशियाई खेल तीरंदाज़ी: भारतीय तीरंदाज़ों का दबदबा, नीरज और धीरज क्वार्टर फ़ाइनल में
एशियाई खेलों में भारतीय रिकर्व तीरंदाज़ों ने व्यक्तिगत मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मंगलवार को हुए एक रोमांचक मुक़ाबले में नीरज चौहान ने दक्षिण…
एशियाई खेलों में भारतीय रिकर्व तीरंदाज़ों ने व्यक्तिगत मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मंगलवार को हुए एक रोमांचक मुक़ाबले में नीरज चौहान ने दक्षिण कोरिया के तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता किम जे-डियोक को हराकर एक बड़ा उलटफेर किया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क में हुए इस मैच में नीरज ने जे-डियोक को 6-4 के अंतर से मात दी। मैच की शुरुआत में 3-1 की बढ़त लेने के बाद स्कोर 3-3 और फिर 4-4 से बराबर हो गया था, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने आख़िरी सेट जीतकर जीत पर मुहर लगा दी। वहीं, एक अन्य भारतीय तीरंदाज़ धीरज बोम्मादेवरा ने भी चीनी ताइपे के चेंग सियांग-हुई को 6-2 से आसानी से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
अगले दौर की चुनौती
शनिवार को होने वाले क्वार्टर फ़ाइनल में अब नीरज चौहान का सामना भूटान के दोरजी लैम से होगा, जबकि धीरज बोम्मादेवरा उज्बेकिस्तान के अमीरकॉन सादिकोव को चुनौती देंगे। इससे पहले राउंड ऑफ़ 32 में धीरज ने फिलीपींस के गिर्विन गार्सिया को 6-0 से हराया था। वहीं, नीरज ने इंडोनेशिया के रियाउ एगा अगाता के ख़िलाफ़ 0-4 से पिछड़ने के बाद ज़बरदस्त वापसी करते हुए 6-4 से जीत दर्ज की थी।
टीम इवेंट में भी भारत मज़बूत
व्यक्तिगत स्पर्धाओं के अलावा भारतीय तीरंदाज़ों ने टीम इवेंट्स में भी अपना दबदबा बनाया है। धीरज, नीरज और यशदीप भोगे की पुरुष रिकर्व टीम और कुमकुम अनिल मोहोद, कीर्ति शर्मा व अंकिता भक्त की महिला टीम पहले ही अपने-अपने मुक़ाबले जीतकर सेमीफ़ाइनल में पहुँच चुकी हैं। इसके अलावा, धीरज और कुमकुम की मिक्स्ड जोड़ी ने भी सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई है। ये तीनों टीमें 2 अक्टूबर को अपने सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले खेलेंगी।
इनपुट: IANS


