एशियाई खेल: सतनाम-सलमान की जोड़ी ने रोइंग में जीता कांस्य, बलराज पंवार पोडियम से चूके
एशियाई खेलों में भारतीय रोइंग टीम ने गुरुवार को एक और पदक अपने नाम किया। सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने गिफू के नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की डबल…
एशियाई खेलों में भारतीय रोइंग टीम ने गुरुवार को एक और पदक अपने नाम किया। सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने गिफू के नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। हालांकि, एक अन्य मुकाबले में बलराज पंवार पदक से बाल-बाल चूक गए और पुरुषों के एकल स्कल्स फाइनल में उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, सतनाम और सलमान ने 6:13.25 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में चीन के जुडी यी और यिदे नी (6:09.77 सेकंड) ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि उज्बेकिस्तान के पावेल सोरिन और मेखरोजबेक ममातकुलोव (6:10.49 सेकंड) ने रजत पदक जीता।
सतनाम का दूसरा एशियाई पदक
यह एशियाई खेलों में सतनाम सिंह का दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2023 में हांगझोऊ एशियाई खेलों में पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स टीम के सदस्य के रूप में भी कांस्य पदक जीता था। इस बार रेस में भारतीय जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की और आधी दूरी यानी 1000 मीटर तक वे तीसरे स्थान पर चल रहे थे। आखिरी 500 मीटर बाकी रहने पर वे दूसरे स्थान पर आ गए थे, लेकिन अंतिम चरण में पिछड़ने के कारण उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
बलराज का कड़ा मुकाबला
पुरुषों की एकल स्कल्स स्पर्धा में भारत के बलराज पंवार पदक जीतने से चूक गए। उन्होंने 6:54.80 के समय के साथ चौथा स्थान हासिल किया। एक समय बलराज रजत पदक की दौड़ में थे, लेकिन उज्बेकिस्तान के शाखबोज खोलमुरजाएव ने अंतिम 500 मीटर में उन्हें पीछे छोड़ दिया, जिससे भारतीय रोवर पोडियम से बाहर हो गए। इस इवेंट में चीन के झिवेई डेंग (6:38.98) ने स्वर्ण, उज्बेकिस्तान के खोलमुरजाएव (6:41.83) ने रजत और जापान के तात्सुया सकुरामा (6:46.78) ने कांस्य पदक जीता।
कांस्य पदक विजेता सलमान खान उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से हैं और उन्हें टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) के तहत प्रशिक्षण मिला है। एशियाई रोइंग कप में पदक जीतने के बाद उन्हें भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर पदोन्नत किया गया था।
इनपुट: IANS


