एशियन गेम्स: तेजिंदरपाल सिंह तूर लगातार तीसरे गोल्ड से चूके, शॉट पुट में सिल्वर मेडल जीता
भारत के दिग्गज शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर ने एशियन गेम्स में लगातार तीसरी बार मेडल जीतकर अपना शानदार रिकॉर्ड कायम रखा है। हालांकि, दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन इस बार गोल्ड मेडल से चूक गए और उन्हें…
भारत के दिग्गज शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर ने एशियन गेम्स में लगातार तीसरी बार मेडल जीतकर अपना शानदार रिकॉर्ड कायम रखा है। हालांकि, दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन इस बार गोल्ड मेडल से चूक गए और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह प्रतियोगिता शनिवार को नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित हुई।
31 वर्षीय तूर ने 2018 जकार्ता और 2022 हांग्जो एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस बार भी उन्होंने 20.06 मीटर के थ्रो के साथ एक मजबूत शुरुआत की और अपने दूसरे प्रयास में इसे 20.26 मीटर तक पहुँचाया। लेकिन इसके बाद वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सके।
ईरान के खिलाड़ी ने तोड़ा गेम्स रिकॉर्ड
प्रतियोगिता में ईरान के मोहम्मदरेजा तयेबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20.81 मीटर का थ्रो किया, जिसने न केवल उन्हें गोल्ड मेडल दिलाया बल्कि एक नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना दिया। उन्होंने तूर के 2018 जकार्ता गेम्स में बनाए 20.75 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा।
तूर ने अपने पांचवें प्रयास में 20.64 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जो गोल्ड के लिए नाकाफी साबित हुआ। उनके तीसरे और चौथे प्रयास क्रमशः 19.77 मीटर और 19.71 मीटर के रहे, जबकि उनका छठा और अंतिम प्रयास फाउल हो गया। इस तरह, उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 20.64 मीटर ही रहा।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर हैं तूर
तेजिंदरपाल सिंह तूर इस प्रतियोगिता में 21.77 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक के तौर पर उतरे थे, जो उन्होंने जून 2023 में भुवनेश्वर में बनाया था। इससे पहले, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वह 20.27 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे और पोडियम तक नहीं पहुंच सके थे।
इनपुट: IANS


