एशियन पैरा गेम्स 2026: तैराकी में कार्तिक बुडिगिना ने जीता सिल्वर, भारत को मिला तीसरा रजत
जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय तैराक कार्तिक बुडिगिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए तैराकी का पहला मेडल जीत लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को…
जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय तैराक कार्तिक बुडिगिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए तैराकी का पहला मेडल जीत लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में 18 वर्षीय कार्तिक ने रजत पदक पर कब्जा किया। यह इन खेलों में भारत का कुल तीसरा सिल्वर मेडल है।
नागोया सिटी जनरल जिम्नेजियम में हुई इस रोमांचक रेस को कार्तिक ने 56.68 सेकंड के समय में पूरा कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक उज्बेकिस्तान के एगोर बोलोतोव ने जीता, जिन्होंने 52.90 सेकंड का समय निकाला। वहीं, कजाकिस्तान के विक्टर वोल्कोव 57.23 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक के हकदार बने।
शानदार रहा है पिछला प्रदर्शन
कार्तिक का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक नहीं है। उन्होंने 2025 में हुए एशियन यूथ पैरा गेम्स में कुल छह मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था, जिसमें तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल थे। उनके स्वर्ण पदक 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले, 100 मीटर बटरफ्लाई और 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में आए थे।
हालांकि, 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में वह इसी कैटेगरी में बहुत कम अंतर से पदक से चूक गए थे और उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा था।
भारत के अन्य पदक विजेता
कार्तिक से पहले, इन खेलों में भारत के लिए दो अन्य रजत पदक भी आए हैं। जूडो में कोकिला ने महिलाओं के जे2 -52 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था। इससे पहले, निशानेबाज अवनि लेखरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया, जबकि इसी स्पर्धा में उनकी साथी मोना अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीता था।
इनपुट: IANS


