एशियन पैरा गेम्स 2026: 168 भारतीय एथलीट जापान में रचेंगे इतिहास? सुमित और अवनि पर टिकीं स्वर्ण पदक की उम्मीदें
जापान के आइची-नागोया में एशियाई पैरा गेम्स के पांचवें संस्करण का मंच सज चुका है, जहाँ भारत अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर करने के इरादे से उतर रहा है। 18 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले इन खेलों में भारत की…
जापान के आइची-नागोया में एशियाई पैरा गेम्स के पांचवें संस्करण का मंच सज चुका है, जहाँ भारत अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर करने के इरादे से उतर रहा है। 18 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले इन खेलों में भारत की ओर से 168 एथलीटों का एक मजबूत दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें 112 पुरुष और 56 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, ये भारतीय पैरा-एथलीट 11 अलग-अलग खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
इन खेलों में लगभग 45 देशों के 3,000 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक की ज़िम्मेदारी बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और धावक सिमरन शर्मा संभालेंगे।
लगातार बेहतर होता भारत का प्रदर्शन
एशियाई पैरा गेम्स में भारत का प्रदर्शन हर संस्करण के साथ निखरता गया है। 2010 में ग्वांगझू (चीन) में हुए पहले संस्करण में 14 पदक जीतने से लेकर 2023 में हांगझोऊ (चीन) में 111 पदकों (29 स्वर्ण, 31 रजत) का ऐतिहासिक आँकड़ा छूने तक, भारतीय दल ने एक लंबा सफर तय किया है। इससे पहले, 2014 में इंचियोन (दक्षिण कोरिया) में 33 और 2018 में जकार्ता (इंडोनेशिया) में 72 पदक जीते थे। इस बार भी टीम से एक नए रिकॉर्ड की उम्मीद है।
ये हैं स्वर्ण पदक के 15 सबसे बड़े दावेदार
भारतीय दल में कई विश्व और पैरालंपिक चैंपियन शामिल हैं, जिनसे स्वर्ण पदक की पक्की उम्मीद की जा रही है। इनमें प्रमुख नाम हैं:
- एथलेटिक्स: सुमित अंतिल (भाला फेंक), सिमरन शर्मा (स्प्रिंट), प्रीति पाल (दौड़), निषाद कुमार (ऊंची कूद), प्रवीण कुमार (ऊंची कूद), शरद कुमार (ऊंची कूद), अजीत सिंह (भाला फेंक), और धरमबीर (क्लब थ्रो)।
- बैडमिंटन: प्रमोद भगत, सुहास एल यतिराज और निशात कुमार।
- तीरंदाजी: शीतल देवी और हरविंदर सिंह।
- निशानेबाजी: अवनि लेखरा।
- टेबल टेनिस: भाविना पटेल।
इनमें सुमित अंतिल, अवनि लेखरा, प्रमोद भगत और शीतल देवी जैसे सितारे अपने-अपने खेलों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
इनपुट: IANS


