एशियन पैरा गेम्स: प्रणव सूरमा का एशियाई रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन, डिस्कस थ्रो में भारत को गोल्ड-सिल्वर
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को पुरुषों के डिस्कस थ्रो F51/52/53 इवेंट में भारत ने एक ही स्पर्धा में दो पदक जीतकर यादगार उपलब्धि हासिल की। प्रणव सूरमा…
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को पुरुषों के डिस्कस थ्रो F51/52/53 इवेंट में भारत ने एक ही स्पर्धा में दो पदक जीतकर यादगार उपलब्धि हासिल की। प्रणव सूरमा ने न सिर्फ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया, बल्कि 11.66 मीटर के थ्रो के साथ एक नया एशियाई रिकॉर्ड भी बना दिया। उनके साथ ही राम रतन सिंह ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाला।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रणव सूरमा ने अपने चौथे प्रयास में यह रिकॉर्ड-तोड़ दूरी हासिल की, जिसके लिए उन्हें 932 'रजा प्वाइंट्स' मिले और वह पोडियम पर शीर्ष पर रहे। वहीं, राम रतन सिंह ने 10.35 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरा स्थान पक्का किया। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए 809 'रजा प्वाइंट्स' मिले।
प्रणव सूरमा का दमदार प्रदर्शन
प्रणव ने प्रतियोगिता में सधी हुई शुरुआत की, लेकिन उनका चौथा थ्रो निर्णायक साबित हुआ, जिसने उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले वह पिछले एशियन पैरा गेम्स में एफ51 क्लब थ्रो इवेंट में भी गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। साथ ही, उन्होंने 2024 पेरिस पैरालंपिक में इसी इवेंट में सिल्वर मेडल भी जीता था। इस इवेंट में ईरान के अलीरेजा हेमामी (एफ53 कैटेगरी) ने 20.20 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
एक ही दिन में कई पदक
डिस्कस थ्रो में इस दोहरी सफलता से पहले मंगलवार को ही भारतीय तैराक हिमांशु नंदल ने भी देश के लिए पदक जीता था। उन्होंने पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्धा में 5 मिनट 10.91 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इनपुट: IANS


