अंपायर के फैसले पर असहमति: दक्षिण अफ्रीकी कोच और खिलाड़ी को ICC की फटकार
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केप टाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताना दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज़ी कोच ऐशवेल प्रिंस और खिलाड़ी काइल वेरेन को महंगा पड़ गया। अंतरराष्ट्रीय…
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केप टाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताना दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज़ी कोच ऐशवेल प्रिंस और खिलाड़ी काइल वेरेन को महंगा पड़ गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने दोनों पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है।
यह पूरा मामला मैच के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी के दौरान हुआ। सलामी बल्लेबाज़ मार्केस एकरमैन को कैच आउट दिए जाने के बाद उन्होंने रिव्यू लेने की कोशिश की, लेकिन अंपायरों ने यह कहते हुए अपील ठुकरा दी कि 15 सेकंड की निर्धारित समय-सीमा बीत चुकी थी।
क्यों लगा जुर्माना?
अंपायरों के फैसले के बाद जब एकरमैन बाउंड्री की तरफ लौट रहे थे, तब कोच ऐशवेल प्रिंस ने अंपायरों से बार-बार कहा कि रिव्यू के लिए अभी भी समय बचा था। वहीं, काइल वेरेन, जो उस मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे, उन्होंने बल्लेबाज़ एकरमैन को मैदान के अंदर ही रुकने को कहा, जिससे उनके पवेलियन लौटने में देरी हुई।
ICC ने अपने बयान में कहा कि प्रिंस और वेरेन को 'खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आचार संहिता' के आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन करते पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है।
बिना सुनवाई के स्वीकार की सज़ा
चूंकि 24 महीने की अवधि में यह दोनों का पहला अपराध था, इसलिए उन्हें फटकार और एक डिमेरिट प्वाइंट की सज़ा दी गई। प्रिंस और वेरेन ने अपनी गलती मानते हुए ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा दी गई सज़ा को स्वीकार कर लिया, जिसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। ये आरोप मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और रिचर्ड केटलबोरो के अलावा तीसरे अंपायर क्रिस गैफनी और चौथे अंपायर लुबाबालो गकुमा ने लगाए थे।
हालांकि, इस घटना के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए यह टेस्ट मैच और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज़ 2-1 से अपने नाम की। इस यादगार जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ICC पुरुष टेस्ट टीम रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंच गया।
इनपुट: IANS


